1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Shashi Tharoor's statement on Job Reservation Bill

शशि थरूर ने की कर्नाटक सरकार के फैसले की आलोचना, नौकरी आरक्षण विधेयक को बताया असंवैधानिक

Shashi Tharoor's statement on Job Reservation Bill
Shashi Tharoor's statement on Job Reservation Bill : कांग्रेस कार्य समिति (CWC) के सदस्य एवं सांसद शशि थरूर ने अपनी पार्टी के शासन वाले कर्नाटक में निजी क्षेत्र में कन्नड़ भाषी लोगों के लिए नौकरी आरक्षित करने संबंधी विधेयक की आलोचना की और इसे असंवैधानिक तथा अविवेकपूर्ण बताया। हालांकि उन्होंने विधेयक को रोकने के सिद्धारमैया-नीत सरकार के फैसले पर खुशी भी व्यक्त की।
 
लोकसभा सदस्य थरूर ने एक सवाल के जवाब में कहा, यह कोई बुद्धिमानी भरा निर्णय नहीं था। अगर हर राज्य ऐसा कानून लाएगा तो यह असंवैधानिक होगा। संविधान के अनुसार, प्रत्‍येक नागरिक को भारत के किसी भी हिस्से में स्वतंत्र रूप से रहने, काम करने और यात्रा करने का अधिकार है।
 
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने इसी तरह का एक विधेयक तब खारिज कर दिया था, जब हरियाणा में एक सरकार ने इसे पेश करने की कोशिश की थी। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद ने कहा, मुझे नहीं पता कि कर्नाटक ने ऐसा क्यों सोचा, (और) किस आधार पर किया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कानून लागू किया गया तो राज्य से कारोबार तमिलनाडु और केरल जैसे पड़ोसी राज्यों में स्थानांतरित हो जाएगा।
राज्य मंत्रिमंडल ने सोमवार को कर्नाटक में उद्योगों, कारखानों और अन्य प्रतिष्ठानों में स्थानीय अभ्यर्थियों का रोजगार विधेयक, 2024 को मंजूरी दे दी थी, जिसमें निजी कंपनियों के लिए कन्नड़ भाषी लोगों के वास्ते नौकरियां आरक्षित करना अनिवार्य हो गया था।
उद्योग जगत ने इस कदम की आलोचना की और नैसकॉम ने चेतावनी दी कि कंपनियां कर्नाटक से बाहर चली जाएंगी। इसके बाद राज्य सरकार ने विधेयक को रोक दिया। इस विधेयक को बृहस्पतिवार को विधानसभा में पेश किए जाने की उम्मीद थी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
क्या है Crowdstrike जिसकी वजह से डाउन हुआ Microsoft, ठप हुईं दुनियाभर की सेवाएं?