• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. School-college closed due to rain in Himachal
Written By
Last Updated : सोमवार, 14 अगस्त 2023 (10:54 IST)

हिमाचल में बारिश का तांडव, स्कूल-कॉलेज बंद, 452 सड़कें ठप, 15 लोगों की मौत

himachal pradesh landslide
heavy rain: हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर जारी है। बारिश और लैंडस्लाइड से भारी जानी नुकसान हुआ है। सोलन में 7 लोगों की मौत हुई है। मंडी जिले में बादल फटने से कई लोग लापता है। शिमला में शिव मंदिर पर भूस्खलन हुआ है और 2 बच्चों को मलबे से निकाला गया है। यहां पर 25-30 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मंडी जिले में चंडीगढ़ मनाली हाईवे का हाल बेहाल है। जगह जगह हाईवे पर फ्लैश फ्लड और मलबा आया है। बीती रात से 12 घंटे में 15 लोगों की जान चली गई है। शिमला में 7 और सोलन में 7 लोगों की मौत हो गई। सोलन के नालागढ़ में भी एक महिला की मौत हुई है।

पटड़ीघाट में बादल फटे : मंडी जिले के नाचन और सरकाघाट के पटड़ीघाट में बादल फटे हैं। इसी तरह सिरमौर के नाहर के कंडईवाला में भी बादल फटने की घटना सामने आई है। चमोली, हरिद्वार, मंडी और सिरमौर में बारिश जारी है।  हिमाचल में 14 अगस्त के लिए सभी स्कूल-कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर में भाखड़ा बांध के गेट खोले गए हैं। यहां पर पानी का स्तर डेंजर लेवल से सात फीट कम रह गया था।

452 सड़कें बंद : जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में लगातार चार दिन से भारी हो रही है। मंडी जिले के सुंदरनगर के बल्ह में पूरा इलाका पानी में डूब गया है। इसी तरह शिमला में कई लोकल सड़कें बंद हैं। यहां पर खलीनी में फोरेस्ट कॉलोनी में पेड़ गिरने से 7-8 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। हमीरपुर जिले में भोरंज के लंजयानी गांव में मकान गिरने से मां की मौत हो गई, जबकि बेटी घायल है।

स्कूल, कॉलेज 14 अगस्त को बंद : हिमाचल प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज 14 अगस्त को बंद करने के फैसले पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारी बारिश के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर शिक्षा सचिव ने सभी सरकारी, निजी स्कूलों, कॉलेजों को 14 अगस्त को बंद रखने की अधिसूचना जारी कर दी है।

मंडी जिले के सरकाघाट के पटड़ीघाट में पहाड़ दरक गया है। यहां पर पटड़ीघाट के ज्वाली वार्ड में चार घरों को नुकसान पहुंचा है और सरकाघाट एसडीएम के अनुसार, 80 लोगों को सरकारी स्कूल पटड़ीघाट में ठहराया गया है। इसी तरह कलखर स्कूल में 52 लोगों को शिफ्ट किया गया है।

बिलासपुर के नम्होल और ब्रह्मपुखर के बीच दगसेच मंदिर के पास पहाड़ सड़क पर आ गया, जिससे शिमला धर्मशाला हाईवे बंद हो गया। यहां पर दो ट्रक, कार और एक घर को नुकसान हुआ है। हिमाचल में बीते चौबीस घंटे की बारिश की वजह से 452 सड़कें बंद हैं। कालका शिमला हाईवे पर चक्की मोड़ पर लगातार लैंडस्लाइड होने से मार्ग को बंद कर दिया गया है। शिमला में निजी बस पर पेड़ गिरने से कंडक्टर घायल हो गया।
Edited by navin rangiyal
ये भी पढ़ें
ये हैं नए भारत के 5 modern heroes, आप इनमें से किसे जानते हैं