1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. saif ali khan case update shariful cap found in jahagir room

सैफ अली खान मामले में खुले कई राज, पुलिस को जहांगीर के कमरे से मिली आरोपी की टोपी

दीवार फांदकर बिल्डिंग में घुसा था सैफ अली खान का हमलावर। उस समय सुरक्षा गार्ड सो रहे थे। शोर ना हो इसलिए आरोपी ने अपने जूते उतारकर बैग में रख लिए।

saif ali khan
Saif Ali Khan news in hindi : सैफ अली खान अब स्वस्थ होकर लीलावती अस्पताल से घर लौट चुके हैं। इस बीच मुंबई पुलिस ने सैफ के छोटे बेटे जहांगीर के कमरे से हमलावर की टोपी बरामद की है। इस पर कुछ बाल भी लगे हुए थे। पुलिस ने इसे डीएनए जांच के लिए भेजा है। कमरे से पुलिस को अंगुलियों के कुछ निशान भी मिले हैं। 
 
सो रहे थे गार्ड : मुंबई पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के साथ सतगुरु शरण बिल्डिंग में अपराध का सीन रिक्रिएट किया। इसी बिल्डिंग में अभिनेता रहते हैं। सैफ अली खान पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक ने मुंबई के बांद्रा इलाके में अभिनेता की इमारत में दीवार फांदकर प्रवेश किया और पाया कि उस समय सुरक्षा गार्ड सो रहे थे।
 
मेन गेट से घुसा था हमलावर : एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब आरोपी ने दोनों सुरक्षा गार्ड को गहरी नींद में पाया, तो वह मुख्य प्रवेश द्वार से इमारत में घुस गया, जहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। शोर ना हो इसलिए आरोपी ने अपने जूते उतारकर बैग में रख लिए और अपना फोन भी बंद कर लिया।
 
गलियारे में भी नहीं था सीसीटीवी कैमरा : अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इमारत के गलियारे में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। जांच में पता चला कि दो सुरक्षा गार्ड में से एक केबिन में और दूसरा गेट के पास सो रहा था।
 
गौरतलब है कि सैफ अली खान (54) पर 15 जनवरी देर रात को उनके 12 मंजिला अपार्टमेंट के अंदर घुसपैठिए शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर उर्फ ​​विजय दास (30) ने कई बार चाकू से हमला किया था। हमले में सैफ को कई चोटें आईं और लीलावती अस्पताल में उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई। हमले के तीन दिन बाद पुलिस ने आरोपी को पड़ोसी ठाणे शहर से गिरफ्तार किया। आरोपी फिलहाल 5 दिन की पुलिस रिमांड पर है।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
डोनाल्ड ट्रंप के लिए तैयार हो रहा है बेचैन यूरोप