गणतंत्र दिवस पर आतंकी साजिश का अलर्ट, ISI-जैश का ‘ऑपरेशन 26-26’, सुरक्षा सख्त
Republic Day terror alert : देशभर में 77वें गणतंत्र दिवस के जश्न की तैयारियां जोरो पर है। इस बीच खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट के अनुसार, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने गणतंत्र दिवस के दिन भारत को दहलाने के लिए एक खतरनाक प्लान तैयार किया है। इसे 'ऑपरेशन 26-26' का कोडनेम दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों को मिली जानकारी के मुताबिक, इस साजिश का मकसद गणतंत्र दिवस समारोहों में खलल डालना है। आतंकियों ने दिल्ली और जम्मू-कश्मीर को अपना मुख्य निशाना बनाने की साजिश रची है। कई बड़े मंदिर भी आतंकियों के निशाने पर है। इस इनपुट के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
पुलिस ने जारी किए पोस्टर
राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर कई संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर चस्पा किए हैं। लोगों से अपील की गई है कि यदि उन्हें कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, तो तुरंत इसकी सूचना दें। सीसीटीवी कैमरों और फेस रिकग्निशन सॉफ्टवेयर के जरिए दिल्ली आने वाले हर शख्स पर पैनी नजर रखी जा रही है।
जम्मू कश्मीर में भी सुरक्षा सख्त
दिल्ली के साथ ही जम्मू कश्मीर में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, जैश के आतंकी घुसपैठ की कोशिश में हैं। ऐसे में सेना और अर्धसैनिक बलों ने संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए हैं।