1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajnath Singh, India, National Security

हम भारत को 'जगतगुरु' बनाना चाहते हैं : राजनाथ

Rajnath Singh
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि भारत किसी को डराने-धमकाने के लिए बलवान नहीं बनना चाहता, बल्कि वह दुनियाभर में शांति तथा स्थिरता कायम करने में जगतगुरु की भूमिका निभाना चाहता है।


सिंह ने अगले महीने राजधानी में आयोजित किए जाने वाले 'राष्ट्र रक्षा महायज्ञ' के लिए इंडिया गेट से 'जल मिट्टी रथ यात्रा' को रवाना करने के मौके पर यह बात कही। उन्होंने कहा, हम दूसरे देशों में रहने वाले लोगों के दिल में दहशत पैदा करने के लिए बलवान नहीं बनना चाहते, हम विश्वगुरु बनना चाहते हैं।

बाद में उन्होंने ट्वीट भी किया, इंडिया गेट से 'जल मिट्टी रथ यात्रा' को हरी झंडी दिखाई। इसके माध्यम से लोगों में राष्ट्र की सुरक्षा तथा समृद्धि से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरूकता फैलाई जाएगी। आओ, हम भारत को दोबारा जगतगुरु बनाएं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि भारत सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी राष्ट्र बने। इस यज्ञ का आयोजन दुनिया में शांति और स्थिरता के लिए किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद महेश गिरी ने 18 से 25 मार्च तक लालकिले पर राष्ट्र रक्षा महायज्ञ का आयोजन किया है। इस यज्ञ के कुंड के लिए चारों धाम से मिट्टी तथा जल लाया जाएगा। इसके अलावा सियाचिन सहित सीमा पर स्थित दूरदराज के क्षेत्रों से भी पानी और मिट्टी लाई जाएगी। (वार्ता)