1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Rain expected in North India in February

Weather Update : उत्तर भारत में फरवरी में होगी बारिश, IMD ने जताया अनुमान

Rain forecast in North India
Rain expected in North India in February : उत्तर भारत में दिसंबर और जनवरी में सामान्य से अधिक शुष्क मौसम के बाद फरवरी में सामान्य और सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है। जनवरी 2024 के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में वर्षा 3.1 मिलीमीटर के साथ 1901 के बाद दूसरी बार सबसे कम रही
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि भारत में फरवरी के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। आईएमडी ने बताया कि जनवरी 2024 के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में वर्षा 3.1 मिलीमीटर के साथ 1901 के बाद दूसरी बार सबसे कम रही।
 
मौसम विज्ञान के सात उप-मंडलों वाले उत्तर भारत में फरवरी में सामान्य से अधिक (दीर्घकालिक औसत से 122 प्रतिशत से अधिक) बारिश होने का अनुमान जताया गया है। महापात्र ने कहा, पूरे देश में फरवरी के दौरान सामान्य से अधिक बारिश (दीर्घकालिक औसत से 119 प्रतिशत से अधिक) होने का अनुमान है।
 
आईएमडी के अनुसार पूर्वोत्तर, मध्य और उत्तर पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक और दक्षिण प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। इसके अनुसार देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम, पश्चिम मध्य, उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में फरवरी में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने बताया कि प्रायद्वीपीय भारत के ज्यादातर हिस्सों और पूर्व-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य और सामान्य से कम रहने का अनुमान है।
 
उसने बताया, फरवरी के दौरान मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम शीत लहर वाले दिन होने की संभावना है। महापात्र ने बताया कि ज्यादातर मॉडल जुलाई-सितंबर के आसपास ला नीना स्थितियों का संकेत देते हैं, जिन्हें भारतीय दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अनुकूल माना जाता है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Delhi Excise policy : क्‍या संजय सिंह को मिलेगी जमानत, Court ने याचिका पर फैसला रखा सुरक्षित