रविवार, 29 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi steps up attack on PM Modi over raging Manipur violence
Written By
Last Modified: वायनाड (केरल) , शनिवार, 12 अगस्त 2023 (20:20 IST)

Manipur violence : 'मणिपुर में खुलेआम हुई आगजनी, हिंसा से हजारों लोग प्रभावित', वायनाड में केंद्र पर फूटा राहुल गांधी का गुस्सा

rahul gandhi
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर मणिपुर में हिंसा को लेकर संसद में हाल में हुई चर्चा के दौरान इस पूर्वोत्तर राज्य की समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मणिपुर में खुलेआम हुई आगजनी, हिंसा से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। 
 
गांधी अपनी लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद वायनाड की अपनी पहली यात्रा के दौरान उनके स्वागत के लिए कलपेट्टा में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) द्वारा आयोजित एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
 
गांधी ने कहा, ‘वे (मोदी) दो घंटे 13 मिनट तक बोले। वे हंसे ... उन्होंने मजाक किया.. वे मुस्कुराए--उनके मंत्रिमंडल ने ठहाके लगाए, मजाक किया और हंसे... उन्होंने खूब मस्ती की। 
 
प्रधानमंत्री ने 2 घंटे में हर चीज के बारे में बात की... कांग्रेस के, मेरे, विपक्षी दलों के गठबंधन‘इंडिया’ के बारे में बात की - लेकिन मणिपुर के बारे में केवल दो मिनट बोले।’
 
मोदी पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि भाजपा और उसके नेतृत्व वाली सरकार ने मणिपुर में ‘‘भारत की अवधारणा (आइडिया ऑफ इंडिया) की हत्या’’ कर दी।
 
उन्होंने पूछा कि आपने हजारों परिवारों को तबाह कर दिया है। आपने हजारों महिलाओं के साथ बलात्कार होने दिया है। आप हजारों लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। और देश के प्रधानमंत्री के रूप में, आप हंस रहे हैं।
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि जो कोई भी भारत की अवधारणा की हत्या करता है, वह राष्ट्रवादी नहीं हो सकता।
 
मोदी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए गांधी ने कहा कि आपने ‘भारत माता’ की हत्या के बारे में केवल दो मिनट बात की। आपकी ऐसा करने की हिम्मत कैसे हुई? आप भारत की अवधारणा को कैसे खारिज कर सकते हैं?
 
उन्होंने कहा कि आप पिछले चार महीनों से क्या कर रहे हैं? आप वहां क्यों नहीं गए? आपने हिंसा रोकने की कोशिश क्यों नहीं की? क्योंकि आप राष्ट्रवादी नहीं हैं। जो कोई भी भारत की अवधारणा की हत्या करता है, वह राष्ट्रवादी नहीं हो सकता।
 
 
भाजपा ने लगाया आरोप : भाजपा ने शनिवार को राहुल गांधी से पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि सशस्त्र बल हिंसा प्रभावित मणिपुर में भारतीयों पर गोलीबारी करेंगे? इसने दावा किया कि कांग्रेस नेता के मन में लेशमात्र भी लोकतंत्र नहीं है।
 
यह उल्लेख करते हुए कि गांधी ने दावा किया कि यदि अनुमति दी जाए तो सशस्त्र बल कुछ ही दिनों में राज्य में शांति बहाल कर सकते हैं, भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पूछा कि क्या वह वही चाहते हैं जो उनकी दादी और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1960 के दशक में आइजोल में वायुसेना को बमबारी करने का आदेश देकर किया था।
 
कांग्रेस ने कहा है कि वायुसेना का इस्तेमाल तब सशस्त्र उग्रवादी समूहों को निशाना बनाने के लिए किया गया था।
 
प्रसाद ने पूछा कि क्या राहुल गांधी को लगता है कि सशस्त्र बल मणिपुर में भारतीयों पर गोली चलाएंगे? या उन्हें सद्भाव फैलाना चाहिए और भारतीयों को एकजुट करने के लिए काम करना चाहिए।
 
उन्होंने रेखांकित किया कि मणिपुर में दो समूहों के बीच काफी तनाव है। प्रसाद ने गांधी पर संसद में भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया।
 
हालांकि लोकसभा में उनके कुछ विवादास्पद संदर्भ हटा दिए गए, लेकिन गांधी ने एक संवाददाता सम्मेलन में सरकार के खिलाफ अपना आरोप दोहराया कि उसकी राजनीति के कारण मणिपुर में भारत माता की "हत्या" हुई। प्रसाद ने कहा कि गांधी न तो देश को समझते हैं और न ही इसकी राजनीति को। एजेंसियां Edited By : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
गौरीकुंड भूस्खलन में लापता 2 और लोगों के मिले शव, खोजबीन अभियान अब भी जारी