1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi, Congress, Amethi Tour

राहुल बोले, कांग्रेस देश का आर्थिक विकास करने में सक्षम...

Rahul Gandhi
अमेठी। 3 दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र  की नरेन्द्र मोदी सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताते हुए कहा कि कांग्रेस देश का  आर्थिक विकास करने में सक्षम है। गांधी ने गुरुवार को यहां कार्यकर्ताओं से संगठन को  मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक  पहुंचाएं। 
 
कांग्रेस उपाध्यक्ष गांधी ने मुंशीगंज स्थित गेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकताओं और फरियादियों  से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल है। कांग्रेस  ही देश का आर्थिक विकास करने में सक्षम है। कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए  आगे आएं और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं।
 
गांधी दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को करीब 3 घंटे तक कार्यकर्ताओं एवं फरियादियों से घिरे  रहे। गेस्ट हाउस में सुबह से ही कांग्रेसियों का जमावड़ा लगा रहा। उनसे मिलने के लिए  लोगों की लंबी कतार में कांग्रेसी और आम लोगों ने खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार  किया। 
 
गांधी ने धीरे से बीच-बीच में कार्यकर्ताओं से सवाल पूछा कि क्या वे राज बब्बर को जानते  हैं? ज्यादातर कार्यकर्ताओं ने 'हां' में उत्तर दिया और कहा कि अमेठी और रायबरेली के  कांग्रेसियों को प्रदेश कार्यालय में महत्व दिया जाता है। 
 
पिछले 18 दिनों से वेतन बढ़ाने की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहीं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों  ने गेस्ट हाउस पहुंचकर राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि  उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे को संसद में  उठाएंगे। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने राहुल को धरने में शामिल होने का न्योता दिया। बाद में  जब गांधी का काफिला निकला तो आंगनवाड़ियों ने उसे रोक दिया। 
 
इस बीच भाजपा कार्यकताओं ने एक बार फिर राहुल गांधी का विरोध किया। भाजपा  कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास गांधी का काफिला निकलते  समय 'राहुल गांधी वापस जाओ' के नारे लगाए। (वार्ता)
अगला लेख
फीफा विश्व कप में मजबूत शुरुआत के लिए उतरेंगे ब्लू कब्स