1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. rahul gandhi attacks bjp on banking sector crisis

राहुल गांधी बोले, भाजपा सरकार के कुप्रबंधन ने बैंकिंग क्षेत्र को संकट में धकेला

rahul gandhi
Rahul Gandhi on banking sector : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन ने बैंकिंग क्षेत्र को संकट में धकेल दिया है और इस संकट का बोझ बैंकों के कनिष्ठ कर्मचारियों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक के 782 पूर्व कर्मचारियों की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात का हवाला देते हुए यह टिप्पणी की। यह मुलाकात शुक्रवार को संसद भवन स्थित राहुल गांधी के कार्यालय में हुई थी।
 
राहुल गांधी ने शनिवार को 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा सरकार ने अपने अरबपति मित्रों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया है। विनियामक कुप्रबंधन के साथ मिलकर सांठगांठ वाले पूंजीवाद ने भारत के बैंकिंग क्षेत्र को संकट में धकेल दिया है। उनके मुताबिक, संकट का यह बोझ अंततः कनिष्ठ कर्मचारियों को उठाना पड़ता है, जो तनाव और मुश्किल भरी स्थितियों को सहन करते हैं।
 
उन्होंने कहा कि ICICI बैंक के 782 पूर्व कर्मचारियों की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने कल संसद में मुझसे मुलाकात की। उनकी बातें एक परेशान करने वाले कार्यशैली को उजागर करती हैं जिसके तहत कार्यस्थल पर उत्पीड़न, जबरन स्थानांतरण, एनपीए उल्लंघनकर्ताओं को अनैतिक ऋण देने का खुलासा करने के लिए प्रतिशोध और उचित प्रक्रिया के बिना बर्खास्तगी होती है। निजी क्षेत्र के इस प्रमुख बैंक की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह अत्यंत चिंता का विषय है जो देश भर में हजारों ईमानदार कामकाजी पेशेवरों को प्रभावित कर रहा है।
 
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी इन श्रमिक वर्ग के पेशेवरों के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने और कार्यस्थल पर इस तरह के उत्पीड़न और शोषण को समाप्त करने के लिए इस मुद्दे को पूरी गंभीरता से उठाएगी।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
थाईलैंड और म्यांमार के बाद अब अफगानिस्तान में महसूस किए गए भूकंप के 2 झटके