• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Priyanka Gandhi said, Karnataka's victory is the victory of politics that unites the country
Written By
Last Modified: शनिवार, 13 मई 2023 (17:34 IST)

कर्नाटक की जीत देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है : प्रियंका गांधी

Priyanka Gandhi Vadra
Karnataka Assembly Election Results : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत तय नजर आने के बाद शनिवार को प्रदेश की जनता का आभार जताया और कहा कि यह देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए धुआंधार प्रचार करने वाली प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, कांग्रेस पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए कर्नाटक की जनता को तहे दिल से धन्यवाद। ये आपके मुद्दों की जीत है। यह कर्नाटक की प्रगति के विचार को प्राथमिकता देने की जीत है। यह देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है।

उन्होंने कहा, कर्नाटक कांग्रेस के तमाम मेहनती कार्यकर्ताओं व नेताओं को मेरी शुभकामनाएं। आप सबकी मेहनत रंग लाई। कांग्रेस पार्टी पूरी लगन के साथ कर्नाटक की जनता को दी गई गारंटी को लागू करने का काम करेगी। जय कर्नाटक, जय कांग्रेस।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को जारी मतगणना में 136 सीट पर बढ़त के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी 64 सीट पर आगे है। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध अपराह्न दो बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की 224 सदस्‍यीय विधानसभा में कांग्रेस को 10 सीट पर जीत मिल गई है, जबकि 126 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

वहीं सत्तारूढ़ भाजपा को 4 सीट पर जीत मिली है, जबकि 60 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। उधर जनता दल (सेक्यूलर) के खाते में एक सीट आई है और 19 पर बढ़त हासिल है, जबकि चार सीट पर अन्य को बढ़त हासिल है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
कर्नाटक results: BJP के 14 मंत्री अपने ही गढ़ में हुए ढेर, बागी भी नहीं बचा पाए सीट