रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर में सोमवार से पोस्टपेड मोबाइल फोन सेवाएं होंगी बहाल
Written By
Last Modified: शनिवार, 12 अक्टूबर 2019 (17:15 IST)

कश्मीर में सोमवार से पोस्टपेड मोबाइल फोन सेवाएं होंगी बहाल

mobile phone service | कश्मीर में सोमवार से पोस्टपेड मोबाइल फोन सेवाएं होंगी बहाल
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में लगातार 69 दिन से लगी पाबंदियों में बड़ी ढील देते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सोमवार से सभी पोस्टपेड मोबाइल फोन सेवाएं बहाल करने की शनिवार को घोषणा की। सरकारी प्रवक्ता एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रोहित कंसल ने कहा कि सभी पोस्टपेड मोबाइल फोन सेवाएं 14 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से बहाल कर दी जाएंगी।

अधिकारियों ने बताया कि सेवाएं शनिवार को बहाल की जानी थीं लेकिन आखिरी वक्त पर कुछ तकनीकी समस्या आने के कारण इसे टाल दिया गया। उपभोक्ताओं को हालांकि घाटी में इंटरनेट सेवाओं के बहाल होने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।

राज्य प्रशासन मोबाइल फोन सेवाएं बहाल करने के लिए स्थिति का मुआयना कर रहा है। इसके निलंबित रहने से करीब 70 लाख लोग घाटी में प्रभावित हुए हैं और इसकी कड़ी आलोचना भी की जा रही है। पहले केवल बीएसएनएल सेवाओं को बहाल करने की योजना बनाई गई और बाद में निजी टेलीकॉम ऑपरेटरों की सेवाओं पर केवल 'इनकमिंग कॉल' शुरू करने का फैसला किया गया।

केंद्र सरकार के पर्यटकों के लिए घाटी के द्वार खोलने का परामर्श जारी करने के कुछ दिन बाद यह कदम उठाया गया है। पर्यटन संघ निकाय ने प्रशासन से संपर्क कर कहा था कि बिना मोबाइल सेवाओं के कोई पर्यटक घाटी नहीं आना चाहेगा।

केंद्र सरकार के 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त करने के बाद से ही घाटी में मोबाइल सेवाएं ठप हैं। आंशिक रूप से 17 अगस्त को लैंडलाइन सेवाएं बहाल की गई थीं और 4 सितंबर को इसे पूरी तरह बहाल कर दिया गया था। इसके साथ ही करीब 50,000 लैंडलाइन सेवाएं बहाल हो गई थीं।
ये भी पढ़ें
दिवाली सेल में Xiaomi ने सस्ते किए स्मार्टफोन, मिलेंगे धमाकेदार ऑफर्स