शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Petrol Diesel rates on 2 April
Written By
Last Updated : शनिवार, 2 अप्रैल 2022 (10:09 IST)

हिंदू नववर्ष पर महंगाई का वार, 12 दिन में 10वीं बार महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, फिर 80 पैसे बढ़े दाम

हिंदू नववर्ष पर महंगाई का वार, 12 दिन में 10वीं बार महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, फिर 80 पैसे बढ़े दाम - Petrol Diesel rates on 2 April
नई दिल्ली। अंतरराष्‍ट्रीय स्तर पर क्रूड के दाम घटने के बाद भी देश में पेट्रोल डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती ही जा रही है। तेल कंपनियों ने आज भी दोनों ईंधनों की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया। पिछले 12 दिनों में 10 बार पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। चुनाव के बाद यह 7.20 रुपए प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 101.81 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर अब 102.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 93.07 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 93.87 रुपए प्रति लीटर हो गई।
 
मुंबई में पेट्रोल डीजल के दाम 85 पैसे बढ़े हैं। यहां पेट्रोल और डीजल क्रमश: 117.57 रुपए और 101.79 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। कोलकाता में पेट्रोल के दाम में 84 पैसे बढ़कर 112.19 रुपए प्रति लीटर हो गए जबकि डीजल की कीमत भी 80 पैसे बढ़कर 97.02 रुपए प्रति लीटर हो गई।
 
इसी तरह चेन्नई में पेट्रोल की कीमत में 76 पैसे का इजाफा हुआ और यहां आज 1 लीटर पेट्रोल के 108.21 रुपए चुकाने होंगे। डीजल के दाम 76 पैसे बढ़कर 98.28 रुपए प्रति लीटर हो गए।
 
इस तरह बढ़े पेट्रोल के दाम : देश में पेट्रोल कंपनियों ने पेट्रोल डीजल की कीमतें रिकॉर्ड 137 दिन तक स्थिर रहने के बाद 22 मार्च को बढ़ाई गई थीं। तब से 10वीं बार कीमतों में वृद्धि की गई है। 22 मार्च के 80 पैसे बढ़ाए गए थे। इसके बाद 23 मार्च, 25 मार्च, 26 मार्च, 29 मार्च, 30 मार्च और 31 मार्च को भी 80 पैसे की वृद्धि की गई। 27 मार्च को पेट्रोल की कीमतों में 50 पैसे का इजाफा हुआ तो 28 मार्च को 30 पैसे बढ़ाए गए। इन 12 दिनों में केवल 24 मार्च और 1 अप्रैल को पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ाए गए।
 
इस तरह बढ़े डीजल के दाम : इसी तरह 12 दिन में डीजल भी 7.20 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया। 22 मार्च को पेट्रोल की तरह ही डीजल भी 80 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था। 23, 25, 26, 30 और 31 मार्च को भी डीजल पर 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। 27 मार्च को इसके दाम 55 पैसे प्रति लीटर बढ़ गए और 28 मार्च को तेल कंपनियों ने डीजल पर 35 पैसे बढ़ा दिए। पेट्रोल की तरह ही डीजल के दाम भी 24 मार्च और 1 अप्रैल को स्थिर थे।
ये भी पढ़ें
पीछे हट रहे रूसी सैनिकों ने ढेरों बारूदी सुरंगें छोड़ीं, जेलेंस्की ने दी चेतावनी