शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Navy's rescue operation continues, 11 more bodies found, 15 people still missing
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 21 मई 2021 (23:50 IST)

नौसेना का बचाव अभियान जारी, 11 और शव मिले, 15 लोग अब भी लापता

नौसेना का बचाव अभियान जारी, 11 और शव मिले, 15 लोग अब भी लापता - Navy's rescue operation continues, 11 more bodies found, 15 people still missing
मुंबई। अरब सागर में चार दिन पहले पी305 बजरे के डूबने की घटना में 11 और लोगों के शव बरामद होने के बाद मारे गए लोगों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 60 हो गई और 15 लोग अब भी लापता हैं, जिन्हें खोजने के लिए नौसेना और तटरक्षक बल का तलाश एवं बचाव अभियान जारी है।
 
टगबोट ‘वरप्रदा’ के हादसे की चपेट में आने के बाद लापता हुए 11 लोगों के लिए भी तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि चक्रवात ताउते के कहर में लापता हुए इन लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद क्षीण पड़ती जा रही है।
 
उल्लेखनीय है कि बजरा पी305 चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के कारण सागर में फंस गया था और फिर सोमवार को यह डूब गया था। बजरे पी305 पर मौजूद 261 लोगों में से अब तक 186 को बचा लिया गया है। 'टगबोट' वरप्रदा पर मौजूद रहे 13 लोगों में से दो लोगों से बचा लिया गया है और लापता 11 लोगों की तलाश जारी है।
 
वहीं गाल कंस्ट्रक्टर एंड सपोर्ट स्टेशन 3 (एसएस-3) और ड्रिल पोत सागर भूषण पर मौजूद सभी 440 लोगों को बचा लिया गया। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस इसकी जांच करेगी कि चक्रवात ताउते के बारे में चेतावनी जारी करने के बावजूद बजरा उस क्षेत्र में क्यों रुका रहा?
 
पुलिस ने बजरे पर मौजूद लोगों में से जिनके शव बरामद हुए हैं, उनके सिलसिले में दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है।
 
ये भी पढ़ें
कुल्लू में निर्माणाधीन सुरंग गिरने से 4 मजदूरों की मौत, एक घायल