1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Narendra Modi, Doklam disputed, Randeep Surjewala

मोदी का दावा गलत, क्या राष्ट्र की सुरक्षा खतरे में है...

Narendra Modi
नई दिल्ली। कांग्रेस ने भारत-चीन सीमा पर डोकलाम क्षेत्र में 18 जून से पहले की स्थिति कायम होने के दावे पर सवाल उठाते हुए शुक्रवार को कहा कि सेटेलाइट तस्वीरें उनकी बात को गलत साबित कर रही हैं। 
       
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि मोदी ने कहा है कि डोकलाम में 16 जून से पूर्व की स्थिति बहाल हो गई है, लेकिन सेटेलाइट की तस्वीरें प्रधानमंत्री के दावे को गलत साबित करती हैं। उन्होंने सवाल किया, क्या राष्ट्र की सुरक्षा खतरे में है।
               
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर कई सवाल किए हैं। उन्होंने पूछा है, क्या प्रधानमंत्री राष्ट्र को अंधेरे में रख रहे हैं। टकराव खत्म होने की वास्तविक स्थिति क्या है। क्या डोकलाम समझौते का उल्लंघन हुआ है। चीनी सैनिकों की मौजूदगी से उत्पन्न खतरे का मोदी सरकार ने क्या आकलन किया है। छाती ठोंकने और जीत के दावे का क्या हुआ। 
     
सुरजेवाला ने यह टिप्पणी उन  मीडिया खबरों पर की है, जिनमें दावा किया गया कि सेटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि डोकलाम क्षेत्र में असामान्य स्थिति बनी हुई है और वहां आसपास बड़ी संख्या में चीनी सैनिकों की मौजूदगी है। 
 
उल्लेखनीय है कि 28 अगस्त को भारत और चीन दोनों ने घोषणा की थी कि वे ट्राई जंक्शन क्षेत्र अपने सैनिकों को हटाने पर सहमति बनी है और इसके बाद सैनिकों को वहां से हटा लिया गया। (वार्ता)
अगला लेख
हार्दिक पटेल पर बनी फिल्म खरीदना चाहता है राबर्ड वाड्रा का सहयोगी