कुश्ती के एक दांव में पहलवान हो गया हमेशा के लिए चित, 60 हजार में किया ‘मौत का सौदा’
- कुश्ती के दौरान पहलवान की मौत का लाइव वीडियो हुआ वायरल
- सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद लगी मौत की भनक
दरअसल, मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली इलाके के फरीदनगर में दंगल प्रतियोगिता चल रही थी। इसमें उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के गंगापुर का रहने वाला महेश भी भाग ले रहा था। महेश का मुकाबला स्थानीय पहलवान साजिद अंसारी से शुरू हुआ। जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ साजिद ने दांव लगाया और महेश को गर्दन के बल चित कर दिया। इसके बाद साजिद ने दो-तीन बार महेश की गर्दन को हिला कर छोड़ दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोग तालियां भी बजा रहे थे।
यह कुश्ती प्रतियोगिता 2 सितंबर को नवमी के मेले में बिना अनुमति आयोजित की गई थी। हादसे के बाद लगाई गई पंचायत में महेश की मौत का सौदा 60 हजार रुपए में कर दिया गया। 6 दिन बाद जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों की इसकी भनक लगी। हालांकि पुलिस अभी भी किसी भी तरह की जानकारी से इंकार कर रही है।

