MCD महापौर चुनाव: शैली ओबेरॉय का मुकाबला भाजपा की रेखा गुप्ता से
नई दिल्ली। भाजपा ने दिल्ली नगर निगम (MCD) महापौर के चुनाव में शालीमार बाग से पार्षद रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी की पार्षद शैली ओबेरॉय से होगा।
भाजपा की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख हरीश खुराना ने बताया कि भाजपा ने उप महापौर के पद के लिए कमल बागड़ी और स्थायी समिति सदस्य के पदों के लिए कमलजीत सहरावत, गजेंद्र दराल तथा पंकज लूथरा को उम्मीदवार बनाया है। सभी उम्मीदवार आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 7 दिसंबर को आप ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 250 में से 134 वार्ड में जीत हासिल करके भाजपा के 15 साल तक चले शासन पर विराम लगा दिया था। चुनाव में भाजपा ने 104 वार्ड में जीत दर्ज की थी। मुंडका के पार्षद दराल बाद में भाजपा में शामिल हुए थे।.@BJP4Delhi ने MCD नेतृत्व चुनाव में
— Virendra Sachdeva (@Virend_Sachdeva) December 27, 2022
महापौर पद पर श्रीमती रेखा गुप्ता, उप महापौर पद पर श्री कमल बागड़ी को एवं स्थाई समिति हेतु श्री गजेन्द्र दराल, श्रीमती कमलजीत सहरावत एवं श्री पंकज लूथरा को नामांकित किया है।
सभी को शुभकामनाएं।@BJP4India
आप ने उप महापौर पद के लिए आले मोहम्मद इकबाल को और स्थायी समिति के अन्य सदस्यों के लिए रमिंदर कौर, सारिका चौधरी, मोहिनी जीनवाल तथा मोहम्मद आमिल मलिक को उम्मीदवार बनाया है।
चुनाव में महापौर और उप महापौर पद पर भाजपा की जीत की संभावना नहीं है, लेकिन वह एमसीडी की महत्वपूर्ण स्थायी समिति के सदस्यों के 3 पदों को जीतने की कोशिश करेगी।
महापौर का चुनाव एक गुप्त मतदान के माध्यम से होता है और पार्षद किसी भी उम्मीदवार को वोट देने के लिए स्वतंत्र होते हैं, क्योंकि दलबदल विरोधी कानून इस पर लागू नहीं होता। महापौर के चुनाव के लिए निर्वाचित 250 पार्षद, दिल्ली के सात लोकसभा तथा तीन राज्यसभा सदस्य और विधानसभा के 15 विधायक मतदान के पात्र हैं।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने आप के 13 और भाजपा के एक विधायक को चुनाव में मतदान करने के लिए नामित किया है। महापौर चुनाव के लिए कुल वोट 274 हैं, जिसमें आप के पास 150 और भाजपा के पास 113 हैं। एमसीडी में कांग्रेस के 9, जबकि 2 अन्य निर्दलीय पार्षद हैं।
महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के सदस्यों के लिए 6 जनवरी को चुनाव होगा। एमसीडी की स्थायी समिति में 18 सदस्य होते हैं, जिनमें से 12 ज़ोन से और 6 सदन से चुने जाते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta
Photo courtesy : Rekha Gupta twitter account
Photo courtesy : Rekha Gupta twitter account

