1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Manish Sisodia targets PM Narendra Modi

मनीष सिसोदिया का बड़ा हमला, 'सीरियल किलर' की तरह काम कर रही है भाजपा

Manish Sisodia
नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को कहा कि उनके खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी 'पूरी तरह से फर्जी' है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकारों को गिराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार एक 'सीरियल किलर' की तरह बर्ताव कर रही है।
 
सिसोदिया ने दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र में यह बात कही। सिसोदिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दूसरों के अच्छे कामों को लेकर 'असुरक्षित' महसूस करते हैं। सिसोदिया ने विधानसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दूसरों के अच्छे कामों को देखकर असुरक्षित महसूस करने लगते हैं। मैंने अपने जीवन में असुरक्षा की भावना से इतना अधिक पीड़ित कोई इंसान नहीं देखा। अगर अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री होते और मैं किसी और सरकार में शिक्षामंत्री होता तो वे ऐसा कुछ नहीं करते।
 
सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की सभी अच्छी पहलों में प्रधानमंत्री का समर्थन किया, लेकिन प्रधानमंत्री ने हमेशा इसके विपरीत किया। सीबीआई के अधिकारियों ने 14 घंटे की छापेमारी के दौरान उनके और यहां तक कि उनके बच्चों के कपड़ों की भी तलाशी ली, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला।
 
उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ प्राथमिकी पूरी तरह फर्जी है। मैंने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया। राज्य सरकारों को गिराने के लिए वे (भारतीय जनता पार्टी) 'सीरियल किलर' की तरह बर्ताव कर रहे हैं। राज्य सरकारों को गिराने के लिए वे जितने प्रयास कर रहे हैं, उन्हें वे प्रयास स्कूलों तथा अस्पतालों के निर्माण के लिए करने चाहिए।
 
उपमुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की आबकारी नीति 2021-22 का बचाव किया जिसे अब वापस ले लिया गया है। सिसोदिया ने सदन में कहा कि हमारी आबकारी नीति से लोगों पर कोई बोझ नहीं पड़ा, बल्कि सरकारी राजस्व में वृद्धि हुई, फिर भी भाजपा इसमें भ्रष्टाचार का आरोप लगा रही है।(भाषा)
अगला लेख
गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे से कांग्रेस 'दुखी', कहा- हमारे साथ मिलकर महंगाई से लड़ते