1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Mamata Banerjee targeted Election Commission
Last Modified: झारग्राम (पश्चिम बंगाल) , बुधवार, 6 अगस्त 2025 (17:54 IST)

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना, अधिकारियों के निलंबन पर लगाया यह आरोप

Mamata Banerjee targeted Election Commission
Mamata Banerjee News : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची तैयार करने में कथित चूक को लेकर राज्य सरकार के चार अधिकारियों और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को निलंबित करने के लिए बुधवार को निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस कदम की वैधता पर सवाल उठाया और आयोग पर भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। बनर्जी ने कहा, चुनावों में अभी काफी समय है, फिर भी उन्होंने लोगों को निलंबित करना शुरू कर दिया है। बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को डराया धमकाया जा रहा है।
 
बनर्जी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, अधिकारियों को कल निलंबन नोटिस दिया गया था। क्या अभी चुनावों की घोषणा हुई है? कौनसा कानून उन्हें इस समय निलंबित करने की अनुमति देता है? आप सभी की रक्षा करना हमारी ज़िम्मेदारी है। हम ऐसा करेंगे। हम उन्हें निलंबित नहीं करेंगे। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने निर्वाचन आयोग पर सरकारी अधिकारियों को धमकाने का आरोप लगाया और कहा कि उनका प्रशासन अपने कर्मचारियों के साथ खड़ा रहेगा।
बनर्जी ने कहा, चुनावों में अभी काफी समय है, फिर भी उन्होंने लोगों को निलंबित करना शुरू कर दिया है। वह (निर्वाचन आयोग) भाजपा का बंधुआ मजदूर है। वे अमित शाह (केंद्रीय गृहमंत्री) और भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। गृहमंत्री को लगता है कि वे जो कहेंगे, वही होगा।
 
बनर्जी की यह टिप्पणी निर्वाचन आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल में चार अधिकारियों- दो निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और दो सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा एक डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं एक अस्थाई कर्मचारी को निलंबित करने के एक दिन बाद आई है। इन अधिकारियों पर क्रमशः दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के बरुईपुर पूर्व और मोयना विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची तैयार करते समय अनियमितताएं बरतने का आरोप है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज पंत को लिखे पत्र में निर्वाचन आयोग के सचिव सुजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दो निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में ‘गलत तरीके से नाम जोड़े जाने’ का विवरण देते हुए एक रिपोर्ट भेजी है।
रिपोर्ट के आधार पर, आयोग ने बरुईपुर पूर्व के देबोत्तम दत्ता चौधरी (ईआरओ) तथागत मंडल (एईआरओ), मोयना के बिप्लब सरकार (ईआरओ) और सुदीप्त दास (एईआरओ) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को भी निलंबित कर दिया गया। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
Kubereshwar Dham : कुबेरेश्वर धाम आए 2 और श्रद्धालुओं की मौत, 3 घायल, 2 दिन में 4 लोगों की गई जान, कांवड़ यात्रा में हुआ हादसा