मल्लिकार्जुन खरगे ने PM मोदी पर साधा निशाना, बोले- BJP वह माचिस है जिसने मणिपुर को जला दिया
Manipur violence case : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने मणिपुर में हिंसा की ताजा घटना को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) वह माचिस है जिसने पूर्वोत्तर के इस प्रदेश को जला दिया। खरगे ने कहा कि हम पूरी जिम्मेदारी के साथ दोहरा रहे हैं कि 250 से अधिक निर्दोष लोगों की मौत और 60,000 लोगों के विस्थापित होने के साथ खूबसूरत सीमावर्ती राज्य को तनाव में बनाए रखने में भाजपा के कुछ निहित स्वार्थ हैं।
खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि नरेन्द्र मोदीजी, आपकी मणिपुर की आखिरी यात्रा जनवरी, 2022 में भाजपा के लिए वोट मांगने को लेकर थी। 3 मई 2023 को राज्य में हिंसा भड़क उठी। 600 से अधिक दिन बीत चुके हैं और खबरों से अब पता चला है कि राज्य में गांव के गांव मिटा दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हाल में ताजा हिंसा तब देखी गई, जब भीड़ ने कांगपोकपी जिले में पुलिस अधीक्षक पर हमला कर दिया जिसके परिणामस्वरूप वे घायल हो गए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आपके (मोदी) अक्षम और बेशर्म मुख्यमंत्री (बीरेन सिंह) ने खेद व्यक्त किया है, लेकिन राज्य में आपकी अनुपस्थिति को आसानी से उजागर भी कर दिया है।
खरगे ने कहा कि हम पूरी जिम्मेदारी के साथ दोहरा रहे हैं कि 250 से अधिक निर्दोष लोगों की मौत और 60,000 लोगों के विस्थापित होने के साथ खूबसूरत सीमावर्ती राज्य को तनाव में बनाए रखने में भाजपा के कुछ निहित स्वार्थ हैं। उन्होंने कहा कि लोग अभी भी 20 महीने से शिविरों में रह रहे हैं, यहां तक कि उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि शांति और सामान्य स्थिति सुनिश्चित करना केंद्र तथा राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
खरगे ने कहा कि बीते 6 दिसंबर को मणिपुर में 'इंडिया' गठबंधन के दलों ने आपसे 3 विशिष्ट और सरल अनुरोध किए थे। 2024 समाप्त होने से पहले मणिपुर का दौरा करें, अपने आप को सीधे तौर पर मणिपुर के मामले में शामिल करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री इन मांगों में से कुछ भी करते हैं तो भी वह राजधर्म का पालन न करने की संवैधानिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा वह माचिस है जिसने मणिपुर को जला दिया।(भाषा)
Edited by : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें