1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. maharashtra karnataka issue raised in loksabha

लोकसभा में उठा महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद, क्या बोले स्पीकर बिरला?

maharashtra karnataka issue
नई दिल्ली। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद की पृष्ठभूमि में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की सांसद सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र के खिलाफ षड्यंत्र का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में बुधवार को लोकसभा में सरकार से जवाब देने की मांग की। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि यह संवेदनशील और दो राज्यों के बीच का विषय है जिसे यहां नहीं उठाया जाना चाहिए।
 
शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए सुले ने कहा कि महाराष्ट्र में दस दिन से नया संकट पैदा हो गया है और पड़ोसी राज्य कर्नाटक की सीमा पर महाराष्ट्र से जाने वाले लोगों को मंगलवार को पीटा गया है। ऐसा नहीं चलेगा। यह देश एक है।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री इस विषय पर अनुचित बातें बोल रहे हैं और महाराष्ट्र तोड़ने की बात की जा रही है।
 
राकांपा सांसद ने कहा कि दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सदन में इस विषय पर जवाब देना चाहिए।
 
इस पर कर्नाटक से भाजपा के सांसद शिवकुमार उदासी ने कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और किसी सदस्य को इस मामले में बोलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि जब भाषा और संस्कृति की बात आती है तो खासकर महाराष्ट्र के कुछ नेताओं की ऐसी बातें करने की पुरानी आदत रही है।
 
Edited by : Nrapendra Gupta 
अगला लेख
नीतीश कुमार नपुंसकता का शिकार, केन्द्रीय मंत्री का विवादित बयान