• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news of February 12 in India
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 12 फ़रवरी 2024 (08:29 IST)

Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का मौसम समापन की ओर, दिल्ली-NCR में कोहरा

मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हल्की बारिश की संभावना

Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का मौसम समापन की ओर, दिल्ली-NCR में कोहरा - Latest weather news of February 12 in India
  • दक्षिण गुजरात पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र
  • मध्यभारत में न्यूनतम तापमान बढ़ेगा
  • हिमाचल में शुष्क मौसम रहेगा
Weather Update: उत्तर भारत समेत देशभर में ठंड (cold) का मौसम अब समापन की ओर अग्रसर है। सुबह के समय ठंड महसूस होती है लेकिन दिन के वक्त तेज धूप के बाद सर्दी से राहत मिलती है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 फरवरी से देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश (Rain) की संभावना जताई है।
 
IMD के अनुसार पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा दक्षिण उत्तरप्रदेश, दक्षिण बिहार, झारखंड सहित अन्य क्षेत्र में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के कुछ से कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की भविष्यवाणी की है।

 
राजधानी दिल्ली में हल्का कोहरा : राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह हल्का कोहरा होगा। दिन में आकाश साफ रहेगा। बाद में शाम को आकाश में हल्के बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बुधवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।
 
हिमाचल में शुष्क मौसम: हिमाचल प्रदेश में स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 फरवरी तक अगले 3 दिनों के लिए क्षेत्र में शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है। कश्मीर में शीतलहर की स्थिति से कुछ राहत मिली है, लेकिन न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। दक्षिण गुजरात पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। कर्नाटक तट के पूर्वी मध्य अरब सागर से लेकर उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र से होते हुए दक्षिण गुजरात क्षेत्र तक एक ट्रफ रेखा निचले स्तर पर चल रही है।

 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : दक्षिणपूर्वी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ एक-दो मध्यम बारिश हुई। तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश हुई। कल दक्षिण-पूर्व राजस्थान, दक्षिण बिहार, उत्तरी झारखंड, दिल्ली और गंगीय पश्चिम बंगाल के एक या दो हिस्सों में शीतलहर की स्थिति उत्पन्न हुई। तटीय आंध्रप्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज सोमवार व कल 13 फरवरी को पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हल्की बारिश संभव है। 12 से 14 फरवरी के बीच दक्षिणी उत्तरप्रदेश, दक्षिणी बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश संभव है। 11 फरवरी को तेलंगाना में 1-2 स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्यभारत में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।
 
Edited by: Ravindra Gupta