• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news in India, February 9
Last Updated : शुक्रवार, 9 फ़रवरी 2024 (08:38 IST)

Weather Update: मैदानी इलाकों में होगी सर्दी कम, पहाड़ों पर ठंड जारी

दिल्ली में बढ़ेगा तापमान

Cold wave
  • विदर्भ पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना
  • गंगा के मैदानी इलाकों में तेज हवाएं जारी
  • हिमाचल और पंजाब में शीतलहर की स्थिति
Weather Update: देश के कई राज्यों में इस समय ठंड (cold) अब समापन की ओर अग्रसर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी अब धीरे-धीरे कम हो सकती है लेकिन पहाड़ों पर सर्दी जारी रहेगी। आईएमडी (IMD) ने 10 से 14 फरवरी यानी कि 5 दिनों तक बारिश (rain) का अलर्ट जारी किया है।
 
बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट : मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 9 फरवरी, ओडिशा में 11 और 12 फरवरी को हल्की बारिश होगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 10 से 14 फरवरी, महाराष्ट्र में 10 और 11 फरवरी, मराठवाड़ा में 9 से 11 फरवरी, यूपी, बिहार, झारखंड में 12 से 14 फरवरी, गंगीय पश्चिम बंगाल में 13 और 14 फरवरी को बारिश होने की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी को आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।
 
दिल्ली में बढ़ेगा तापमान : आईएमडी के अनुसार दिल्ली में अगले 5 दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच सकता है, वहीं अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में  बढ़त देखने को मिलेगी और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
 
पूर्वी विदर्भ पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पूर्वी विदर्भ पर चक्रवाती परिसंचरण से निचले स्तर पर तेलंगाना होते हुए उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है। पश्चिमी हवाओं में 90 डिग्री पूर्व देशांतर से लेकर 25 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पूर्व दिशा में चला गया है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : राजस्थान, दक्षिणी हरियाणा, सिक्किम, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। गंगा के मैदानी इलाकों में मध्यम से तेज हवाएं जारी रहीं। तटीय ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा। हिमाचल प्रदेश और दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में ठंडे दिन की स्थिति देखी गई। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 1 या 2 स्थानों पर शीतलहर की स्थिति उत्पन्न हुई।
 
कैसा रहेगा आज का मौसम? : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज शुक्रवार को पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश संभव है। 10 फरवरी से विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उत्तरी मध्यप्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। पूर्वी और मध्यभारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में ग्राउंड फ्रॉस्ट संभव है।
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का न्योता ठुकराने से कांग्रेस नेता भाजपा में हो रहे शामिल, विधायक दल की बैठक में बोले CM डॉ. मोहन यादव