• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news in India, 8 February
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 8 फ़रवरी 2024 (08:44 IST)

Weather Update: शीतलहर से ठिठुरा पूरा उत्तर भारत, IMD ने दिया वर्षा और तेज हवा का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी

Weather Update: शीतलहर से ठिठुरा पूरा उत्तर भारत, IMD ने दिया वर्षा और तेज हवा का अलर्ट - Latest weather news in India, 8 February
  • अनेक  राज्यों में वर्षा की संभावना
  • तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना
  • कई इलाकों में घना कोहरा छाएगा
Weather Update: सर्द हवाओं की वजह से राजधानी दिल्ली में ठिठुरन जारी है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत कई इलाकों में गुरुवार को तेज हवाएं चलेंगी और सर्दी का एहसास होगा। शीतलहर से पूरा उत्तर भारत ठिठुर रहा है। आईएमडी (IMD) ने वर्षा और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है।
 
दिल्ली-एनसीआर में दिन में धूप निकलेगी और हल्की बारिश की भी संभावना है। ठंडी हवाओं से ठिठुरन तो बढ़ गई है, मगर दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है।

 
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी : हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। उत्तरप्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा में अभी ठिठुरन का दौर जारी रहेगा। आईएमडी ने अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पूर्व और मध्यभारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।
 
मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले 3 दिनों में पूरे भारत में मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। हालांकि, मौसम एजेंसी ने यह भी जानकारी दी है कि थोड़ी देर की बारिश से राहत के बाद हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में शीतलहर लौट आई है।
 
इन राज्यों में वर्षा की संभावना : आईएमडी ने 8 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में मध्यम बारिश या बर्फबारी और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा में बारिश की भविष्यवाणी की है। 9-11 फरवरी के दौरान उत्तर य भारत में वर्षा की गतिविधि होने की संभावना है। अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 15-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया गया है।

 
25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना : मौसम संबंधी जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काईमेट के मुताबिक आज यानी गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। इसके अलावा, पूर्वी असम, नगालैंड और मेघालय में हल्की बारिश हो सकती है। ओडिशा में भी हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। उत्तर पश्चिम भारत में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। इतना ही नहीं, नोएडा, गाजियाबाद समेत उत्तरप्रदेश और बिहार के इलाकों में ठिठुरन जारी रहेगी। दिल्ली में आज भी सर्द हवा चलेगी, हालांकि दिन में धूप निकलने की संभावना है।
 
पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू संभाग और पंजाब पर बना हुआ है। उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के निचले स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश और उसके आसपास है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण से लेकर विदर्भ और मराठवाड़ा होते हुए उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज बुधवार को अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। पूर्वी असम, नगालैंड और मेघालय में हल्की बारिश हो सकती है। ओडिशा के तटीय इलाकों में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। उत्तर-पश्चिम भारत में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छा सकता है।
 
Edited by: Ravindra Gupta