1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. kejriwal-attack-pm-modi-e20-petrol-townhall-controversy

केजरीवाल का E20 पेट्रोल के खिलाफ नेशनल टाउनहॉल, कहा- माइलेज घटा, इंजन खराब

Arvind Kejriwal News
Arvind Kejriwal National Townhall: नीट विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ अरविंद केजरीवाल ने सबसे बड़ा मोर्चा खोल दिया है। देश के युवाओं की ताकत के आगे सरकार के झुकने का दावा करते हुए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अब सीधे प्रधानमंत्री मोदी को चेतावनी दे डाली है। E20 यानी पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाने के फैसले पर पूरे देश के वाहन मालिकों का गुस्सा फूट पड़ा है और इसी गुस्से को ढाल बनाकर केजरीवाल शनिवार को दिल्ली में एक बड़ा महा-संग्राम यानी 'नेशनल टाउनहॉल' करने जा रहे हैं।

अब E20 का नंबर!

सोमवार को एक धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को 'जनता की जीत' करार दिया। केजरीवाल ने कहा कि सभी को बधाई! देश के युवाओं ने एक अहंकारी सरकार को घुटनों पर ला दिया। धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। अब मेरी प्रधानमंत्री से हाथ जोड़कर गुजारिश है कि लगे हाथों E20 पेट्रोल का भी मामला सुलझा दीजिए, वरना यह आग बहुत बड़ी बनने वाली है।

गाड़ियां बर्बाद हो रही हैं, लोग परेशान हैं

E20 पेट्रोल के साइड-इफेक्ट्स पर सीधा हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि देश भर में गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे हैं, माइलेज घट गई है और लोग मेंटेनेंस के नाम पर जेब खाली करने को मजबूर हैं। उन्होंने पीएम मोदी को नसीहत देते हुए कहा कि इससे पहले कि जनता सड़कों पर उतर आए और यह मुद्दा बेकाबू हो जाए, सरकार को खुद आगे बढ़कर 100% शुद्ध पेट्रोल का विकल्प देना चाहिए। ALSO READ: केजरीवाल ने 29 ऑटो कंपनियों को लिखा पत्र, E20 पेट्रोल पर मांगा जवाब

शनिवार को दिल्ली में टाउनहॉल

E20 के खिलाफ जंग का रोडमैप तैयार करते हुए केजरीवाल ने शनिवार (1 अगस्त) को दिल्ली के कॉन्सटीट्यूशन क्लब में 'नेशनल टाउनहॉल अगेनस्ट E20' (National Townhall Against E20) का बिगुल फूंक दिया है। दोपहर 12 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में देश भर के ऑटो-मोबाइल एक्सपर्ट्स, मैकेनिक, गाड़ियों की तबाही झेल रहे आम पीड़ित और हजारों नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। ALSO READ: E20 पेट्रोल पर भड़के केजरीवाल, बोले- देश को बना दिया प्रयोगशाला; PM मोदी को लिखेंगे चिट्ठी

ऑनलाइन कैसे जुड़ें?

दिल्ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री केजरीवाल ने एक खास वॉट्सऐप नंबर (8588833212) जारी किया है। जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे इस नंबर पर मैसेज करके ऑनलाइन जुड़ सकते हैं।

2 लाख से ज्यादा 'चिट्ठियां' लेकर PM आवास का घेराव?

जब केजरीवाल से पूछा गया कि क्या यह आंदोलन देशव्यापी रूप लेगा, तो उन्होंने कड़े तेवरों में कहा कि यह तो बस शुरुआत है, आगे-आगे देखिए होता है क्या!" उन्होंने खुलासा किया कि E20 के खिलाफ उनके ऑनलाइन पिटीशन अभियान पर अब तक 2 लाख से ज्यादा लोग चिट्ठियां और हस्ताक्षर भेज चुके हैं। केजरीवाल ने साफ किया कि शनिवार के टाउनहॉल में रणनीति बनने के बाद, अगले हफ्ते वे इन 2 लाख चिट्ठियों के साथ सीधे प्रधानमंत्री के आवास (PM House) का रुख करेंगे और सरकार को इस फैसले को वापस लेने पर मजबूर कर देंगे।
 
अब देखना यह होगा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद बैकफुट पर आई केंद्र सरकार, केजरीवाल के इस नए 'E20 एटम बम' का सामना कैसे करती है! उल्लेखनीय है कि 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर E20 जनता पार्टी के नाम से एक नए कैंपेन की शुरुआत हो चुकी है। 
 
अगला लेख
योगी सरकार की बड़ी सौगात, 48.79 करोड़ से काशी की तर्ज पर संवरेगा लोधेश्वर महादेव धाम