बिहार छात्र आंदोलन पर AK-47 से फायरिंग करने वाला सिपाही सस्पेंड, भाजपा सांसद संबित पात्रा घिरे
Siwan AK 47 firing: बिहार बंद के दौरान सीवान जिले में छात्र आंदोलन के बीच AK-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार से गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वाले सिपाही पर आखिरकार गाज गिर ही गई है। SIT में तैनात पुलिसकर्मी अभिषेक पटेल को सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद देश और प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी। हालांकि सिपाही के निलंबित होने के बाद भाजपा सांसद संबित पात्रा घिर गए हैं, जिन्होंने इस घटना को झूठ करार दिया था।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में बिहार बंद के दौरान सीवान शहर के जेपी चौक, अस्पताल मोड़ और आसपास के इलाकों में छात्रों का प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया था। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव और कथित तौर पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस को भी मोर्चा संभालना पड़ा। इस हिंसक झड़प में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए, जबकि 40 से अधिक पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए थे। ALSO READ: विदेशी मीडिया ने CJP की जीत पर क्या कहा, पाकिस्तान से लेकर मिडिल-ईस्ट और अमेरिका में सुर्खियों में 'कॉकरोच'
इसी बवाल के बीच SIT के जवान अभिषेक पटेल का एक वीडियो सामने आया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा था कि छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी अभिषेक पटेल हाथ में AK-47 लेकर अचानक छात्रों की तरफ दौड़े और हवा में गोलियां बरसा दीं। पुलिसकर्मी द्वारा भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह स्वचालित हथियार से फायरिंग करने पर सवाल उठने लगे थे।
संबित पात्रा ने बताया था 'झूठ'
इस घटना का वीडियो सामने आते ही विपक्ष ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम ही जानलेवा हो गया है। बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई जा रही हैं और निर्दोषों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस सीधी फायरिंग और AK-47 का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ALSO READ: जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद CJP का पार्टी वीडियो वायरल, फंडिंग पर उठे सवाल; क्या बोले तवलीन सिंह और सौरव दास?
विवाद बढ़ने पर बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी के दावों को खारिज कर दिया था। पात्रा ने कहा था कि पुलिस ने कभी छात्रों पर AK-47 का इस्तेमाल नहीं किया और राहुल गांधी अफवाह फैलाकर देश में अव्यवस्था पैदा करना चाहते हैं। हालांकि, अब एसपी द्वारा सिपाही के निलंबन की पुष्टि के बाद यह साफ हो गया है कि जवान ने मौके पर AK-47 से फायरिंग की थी।
पुलिस का पक्ष और आगे की कार्रवाई
सीवान के एसपी पूरन कुमार झा के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए सिपाही अभिषेक पटेल को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उस दिन करीब 500 से अधिक उपद्रवियों की भीड़ ईंट-पत्थर चलाते हुए थाने की ओर बढ़ रही थी। स्थिति बेहद नाजुक हो गई थी, जिसके बाद आत्मरक्षा और सरकारी संपत्ति को बचाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस ने मौके से .315 बोर के तीन और .765 बोर के दो खोखे भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

