विजय की रैली में भगदड़ ने ली 39 लोगों की जान, हादसे का जिम्मेदार कौन?
Vijay Karoor rally Stampede news : तमिलनाडु के करूर में फिल्म अभिनेता से राजनेता बने विजय की रैली में मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई। अब सवाल उठ रहे हैं कि इस दर्दनाक हादसे का जिम्मेदार कौन हैं? मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस घटना की जांच के लिए न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन के नेतृत्व में एक जांच आयोग के गठन की घोषणा की। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से भगदड़ पर रिपोर्ट मांगी है।
करूर भगदड़ की घटना पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा कि अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। हमारे राज्य के इतिहास में किसी राजनीतिक दल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान कभी नहीं गई और भविष्य में भी ऐसी त्रासदी कभी नहीं होनी चाहिए।
पुलिस व्यवस्था पर क्या बोले डीजीपी : तमिलनाडु के प्रभारी DGP जी. वेंकटरमण ने कहा कि सभा की अनुमति दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक दी गई थी, लेकिन भीड़ सुबह 11 बजे से ही जुटनी शुरू हो गई थी। जब विजय शाम 7:40 बजे पहुंचे, तब तक भीड़ बिना पर्याप्त भोजन और पानी के घंटों इंतजार कर रही थी। यही सच्चाई है।
आयोजकों ने करूर में एक बड़े मैदान की मांग की थी और लगभग 10,000 लोगों के आने की उम्मीद थी, लेकिन लगभग 27,000 लोग इकट्ठा हुए। जिस प्रचार स्थल पर विजय को जनता को संबोधित करना था, वहां 500 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात थे।
उन्होंने कहा कि विजय ने खुद पुलिस की भूमिका की सराहना की, लेकिन जोर देकर कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इसका मतलब यह नहीं है कि पुलिस को 27,000 की पूरी भीड़ के बराबर संख्या में तैनात करना चाहिए। इस दुखद घटना के पीछे के कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। एक सदस्यीय आयोग का गठन पहले ही किया जा चुका है। तब तक, मैं इस पर और कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।
द्रमुक ने हादसे के लिए विजय को ठहराया जिम्मेदार : द्रमुक प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा कि यह हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और अचानक भगदड़ के कारण उनकी मौत हो गई। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? इस रैली के आयोजक स्पष्ट रूप से जिम्मेदार हैं।
क्या बोले विजय : दूसरी ओर, टीवीके प्रमुख एवं अभिनेता विजय ने कहा कि भगदड़ में हुई मौतों से मेरा दिल टूट गया, मैं असहनीय, अकथनीय पीड़ा और दुख में हूं। विजय ने भगदड़ में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया तथा कहा कि वह अस्पतालों में इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
edited by : Nrapendra Gupta