1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. India-Australia will do joint military exercise in Rajasthan

'ऑस्ट्रा हिंद 22' आज से शुरू, भारत-ऑस्ट्रेलिया करेंगे संयुक्‍त सैन्‍य अभ्यास

Indian Army
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया की सेनाओं के बीच आज यानी सोमवार से राजस्थान में द्विपक्षीय प्रशिक्षण अभ्यास 'ऑस्ट्रा हिंद 22' शुरू होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभ्यास 11 दिसंबर तक चलेगा। यह वार्षिक अभ्यास होगा, जो बारी-बारी से भारत और ऑस्ट्रेलिया में किया जाएगा।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, भारतीय सेना और ऑस्ट्रेलियाई सेना के दलों के बीच ‘ऑस्ट्रा हिंद 22’ द्विपक्षीय प्रशिक्षण अभ्यास 28 नवंबर से 11 दिसंबर 2022 तक महाजन फील्ड फायरिंग रेंज (राजस्थान) में होना है। यह दोनों सेनाओं के सभी शस्त्र और सेवा दलों की भागीदारी के साथ ऑस्ट्रा हिंद श्रृंखला का पहला अभ्यास है।

बयान में कहा गया कि दूसरी डिवीजन की 13वीं ब्रिगेड के सैनिकों के साथ ऑस्ट्रेलियाई सेना का दल अभ्यास स्थल पर पहुंच गया है। भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व डोगरा रेजीमेंट के जवान कर रहे हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य सकारात्मक सैन्य संबंध बनाना, एक-दूसरे की उत्कृष्ट प्रक्रियाओं को अपनाना और अर्ध-रेगिस्तानी इलाके में कई क्षेत्रों में अभियान चलाते वक्त एक साथ काम करने की क्षमता को बढ़ावा देना है।

मंत्रालय ने कहा कि यह संयुक्त अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देने के अलावा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगा।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
सीमापार से घुसपैठ की आशंका, LoC पर सतर्कता बढ़ाई गई