गुरुवार, 17 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. haryana CM Nayab singh saini oath taking ceremony
Last Updated : गुरुवार, 17 अक्टूबर 2024 (09:04 IST)

नायब सैनी लेंगे हरियाणा CM पद की शपथ, 12 MLA को मिल सकती है कैबिनेट में जगह

nayab saini
Nayab saini oath taking ceremony : नायब सिंह सैनी आज हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्‍ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। सैनी के साथ 12 मंत्री शपथ ले सकते हैं। वे दूसरी बार राज्य की कमान संभालेंगे।
 
मंत्री पद की दौड़ में अनिल विज, कृष्ण कुमार बेदी, कृष्ण लाल पंवार, मूलचंद शर्मा, महिपाल ढांडा, रणबीर गंगवा, आरती राव, विपुल गोयल, राव नरबीर, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, डॉ. कृष्ण मिड्ढा और राजेश नागर का नाम शामिल है। हरविंद्र कल्याण व अनिल विज का नाम विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर भी चल रहा है।
 
पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मोदी व शाह के अलावा राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा (भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष) सहित कई केंद्रीय मंत्री, करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
 
 
सैनी (54) ने बुधवार को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की और पंचकूला में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया।
 
हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की।
 
हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने के साथ-साथ सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस बड़े कार्यक्रम में लगभग 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
Edited by : Nrapendra Gupta