गोमुख ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूटकर भागीरथी में गिरा (फोटो)
उत्तराखंड में गोमुख ग्लेशियर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर भागीरथी नदी में गिर गया। ग्लेशियर के टुकड़े नदी के 18 किलोमीटर के क्षेत्र में देखे गए। हालांकि इसे मौसम की सामान्य घटना बताया जा रहा है।
शनिवार शाम को गंगोत्री में भागीरथी नदी के प्रवाह में बर्फ के टुकड़े आते देख गंगोत्री नेशनल पार्क अधिकारी चौंक गए। गंगोत्री नेशनल पार्क के डीएफओ ने गोमुख ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटने की पुष्टि की है। ग्लेशियर विज्ञानी कम बर्फबारी को इसका कारण मान रहे हैं।
पार्क के रेंज अधिकारी प्रतापसिंह पंवार ने तत्काल भोजबासा में तैनात पार्क कर्मचारियों और पंडित गोविन्द बल्लभ पंत हिमालय पर्यावरण एवं विकास संस्थान अल्मोड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिकों से वायरलैस के जरिए संपर्क साधा।
जानकारी में पता चला कि शाम को गोमुख ग्लेशियर के बाईं तरफ का एक हिस्सा टूट गया था। टूटे ग्लेशियर हिस्से का आकार क्या रहा होगा, इसका अभी पता नहीं चला है। गौरतलब है कि भोजबासा में तीन वैज्ञानिकों का दल पहले से ही गोमुख ग्लेशियर के अध्ययन के लिए मौजूद है।
ग्लेशियर टूटने का पता चलने के बाद से गंगोत्री नेशनल पार्क और वैज्ञानिकों की टीम सही आंकड़ा जुटाने में लगी है। ग्लेशियर टूटने के कारणों को लेकर हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर कोई कुछ नहीं बोल रहा है, लेकिन इसे मौसम से आए बदलाव और कम बर्फबारी से जोड़कर देखा जा रहा है।