• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु में दिग्विजय सिंह का ऐलान, विधायकों से बिना मिले वापस नहीं जाऊंगा, करूंगा भूख हड़ताल
Written By
Last Modified: बुधवार, 18 मार्च 2020 (10:56 IST)

बेंगलुरु में दिग्विजय सिंह का ऐलान, विधायकों से बिना मिले वापस नहीं जाऊंगा, करूंगा भूख हड़ताल

Digvijay Singh | बेंगलुरु में दिग्विजय सिंह का ऐलान, विधायकों से बिना मिले वापस नहीं जाऊंगा, करूंगा भूख हड़ताल
बेंगलुरु। बेंगलुरु पुलिस ने बुधवार को यहां एक रिसोर्ट के समीप धरना दे रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे विधायकों से बिना मिले वापस नहीं जाएंगे और भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। मैंने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया है। दिग्विजय के साथ 8 मंत्रियों को भी हिरासत में लिया गया है।
इस घटनाक्रम की शुरुआत उस समय हुई, जब सिंह ने रामाना रिसोर्ट में प्रवेश करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान पुलिस से उनकी तकरार हो गई और उन्होंने वहां से लौटने से इंकार कर दिया। कांग्रेसी नेता उस पुलिस अधिकारी के खिलाफ धरने पर बैठ गए जिन्होंने बताया कि कोई भी कांग्रेसी विधायक उनसे (सिंह) नहीं मिलेंगे।
 
बाद में पुलिस ने सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद कर्नाटक के एक विधायक और बहुत से स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
 
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के पूर्व कांग्रेसी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक 21 विधायक यहां रिसोर्ट में ठहरे हुए हैं जिन्होंने इस्तीफा दे दिया है लेकिन विधानसभा अध्यक्ष पीएन प्रजापति ने अभी तक इस्तीफे मंजूर नहीं किए हैं। बागी विधायकों के इस्तीफे के बाद राज्य में कमलनाथ की अगुआई वाली सरकार खतरे में है और राज्यपाल लालजी टंडन ने मुख्यमंत्री को सदन में बहुमत साबित करने के निर्देश दिए हैं।
 
दूसरी तरफ कोरोना वायरस के फैलाव के मद्देनजर प्रजापति ने एहतियात के तौर पर सदन की कार्यवाही 26 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी है। अध्यक्ष के इस निर्णय के खिलाफ और सदन में बहुमत परीक्षण तत्काल कराए जाने की मांग को लेकर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है।
ये भी पढ़ें
Corona Virus Live updates : बनारस में गंगा आरती पर रोक, यूपी में 15 से ज्यादा संक्रमित