• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi liquor case : ED arrest 16 people in 18 months
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 22 मार्च 2024 (12:38 IST)

दिल्ली शराब घोटाले में अब तक 16 गिरफ्तार, जानिए कब कौन पहुंचा जेल

केजरीवाल की गिरफ्‍तारी की गरमाई देश की राजनीति

kejriwal manish sisodiya and sanjay singh
arvind kejriwal arrested in delhi liquor case : दिल्ली शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। लोकसभा चुनाव के एलान के बाद हुई इस गिरफ्तारी से देश में सियासी बवाल मच गया। विपक्ष ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की तो भाजपा ने कहा कि आप नेता की गिरफ्तारी से दिल्ली की जनता बेहद खुश है। दिल्ली शराब घोटाले में ईडी पहले भी कई दिग्गजों को गिरफ्तार कर चुकी है।
दिल्ली शराब घोटाला मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्‍तार किया जा चुका है। इसी मामले में मनीष सिसोदिया 13 महीने से और AAP नेता संजय सिंह 6 महीने से तिहाड़ जेल में बंद हैं।
 
प्रवर्तन निदेशालय ने 28 सितंबर 2022 में शराब कारोबारी समीर महेंद्रू को गिरफ्तार किया था। यह इस मामले में पहली गिरफ्‍तारी थी। इसके बाद पी शरत चंद्र रेड्‍डी, बिनॉय बाबू, विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली और अमित अरोड़ा को गिरफ्तार किया गया।
 
2023 में भी दिल्ली शराब घोटाले में बड़ी संख्‍या में लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, दिनेश अरोड़ा, गौतम मल्होत्रा, राजेश जोशी, अमन धाल, अरुण पिल्लई और राघव मुंगटा शामिल है।
 
ईडी ने 15 मार्च 2024 को ही तेलंगाना के पूर्व मुख्‍यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के कवीता को गिरफ्तार किया था। उन्हें PMLA के सेक्शन 3 और 4 के तहत मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया।
 
उल्लेखनीय है कि दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में 2 घंटे की पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। शाम 7 बजे ईडी की टीम केजरीवाल के आवास पर पहुंची, जबकि रात को करीब सवा 9 बजे उन्हें गिरफ्तार किया गया है। रातभर वे ईडी लॉकअप में रहे। उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा।