• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi Assembly Election Result 2025 Live
Last Updated : शनिवार, 8 फ़रवरी 2025 (19:34 IST)

दिल्ली आपदा से मुक्त हुई, हम जीत का कर्ज विकास से चुकाएंगे : PM मोदी

LIVE: दिल्ली आपदा से मुक्त हुई, हम जीत का कर्ज विकास से चुकाएंगे : PM मोदी - Delhi Assembly Election Result 2025 Live
Delhi Assembly Election Result 2025 Live Updates:  भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार  प्रदर्शन करते हुए शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) को राष्ट्रीय राजधानी की  सत्ता से बाहर कर 27 साल बाद धमाकेदार वापसी की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं।  पल पल की जानकारी...





06:28 PM, 8th Feb


आप-दा ने दिल्ली की आस्था का अपमान किया : पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली की AAP-दा ने लोगों की भावनाओं को, आस्था को पैरों तले कुचल दिया था। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया था। पहली बार दिल्ली NCR के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है। ये आजादी के बाद पहली बार हुआ है। राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे हर पड़ोसी राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। ये बहुत ही सुखद संयोग है। देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारा सबसे बड़ा रक्षा कवच है। आज एक बार फिर, नारी शक्ति ने दिल्ली में मुझे अपना आशीर्वाद दिया है। सुशासन का लाभ गरीब को भी होता है और मध्यम वर्ग को भी होता है। इस बार दिल्ली में गरीब, झुग्गी में रहने वाले मेरे भाई-बहन और मिडिल क्लास ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है।

दिल्ली के मालिक होने का घमंड था : आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।

पूर्वांचल के लोगों का माना आभार : मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने प्यार और विश्वास की नई ऊर्जा दे दी, नई ताकत दे दी। इसलिए मैं पूर्वांचल के लोगों का, पूर्वांचल के एक सांसद के नाते विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं। आज दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।

पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधन : पीएम मोदी ने यमुना मैया की जय का नारा लगाया। दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया है। और मैं दिल्लीवासियों को फिर से एक बार विश्वास दिलाता हूं कि आपके इस प्यार को सवा गुना करके विकास के रूप में हम लौटाएंगे। मैंने हर दिल्ली वासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार में मेरा ये पत्र पहुंचाया था।

मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए, दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है।

दिल्ली में मिली प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा के मुख्यालय पहुंच गए। भाजपा अध्यक्ष जेपी ने उनका स्वागत किया।


03:40 PM, 8th Feb
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। 

02:26 PM, 8th Feb
दिल्ली चुनावी हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हमें जनता का फैसला मंजूर हैं। हम हार स्वीकार करते हैं। उन्होंने भाजपा को जीत की बधाई देते हुए कहा कि हम आशा करते हैं कि भाजपा लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। हम सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। 

मुख्‍यमंत्री आतिशी ने कालकाजी सीट पर जीत के बाद कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि हमें जनादेश स्वीकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाही, उनकी गुंडागर्दी के खिलाफ जंग जारी रहेगी।

01:39 PM, 8th Feb
झूठ के शासन का अंत : ‍दिल्ली में भाजपा की जीत पर भाजपा नेता एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है... यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है।



12:42 PM, 8th Feb
-नई दिल्ली सीट पर दिल्ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को भाजपा के प्रवेश वर्मा ने हराया। प्रवेश वर्मा भाजपा की ओर से मुख्‍यमंत्री पद के दावेदार भी हैं। अमित शाह से मिलने पहुंचे प्रवेश वर्मा। 

-दिल्ली की मुख्‍यमंत्री आतिशी कालकाजी सीट से चुनाव जीत गईं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के रमेश बिधूड़ी को पराजित किया। उनके सामने कांग्रेस की अलका लांबा भी मैदान में थीं। 

12:22 PM, 8th Feb

-दिल्ली में पहला नतीजा आप के पक्ष में। कोंडली से आप प्रत्याशी कुलदीप कुमार चुनाव जीते। 
-जंगपुरा से दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया चुनाव हारे। उन्हें भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह ने शिकस्त दी। 

12:00 PM, 8th Feb
-आठवें राउंड के बाद भाजपा के प्रवेश वर्मा अपने निकटतम उम्मीदवार अरविन्द केजरीवाल से 1170 वोटों से आगे चल रहे हैं। 
-कालकाजी सीट पर मुख्‍यमंत्री आतिशी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमेश बिधूड़ी से 3200 से ज्यादा वोटों से पीछे चल रही हैं। 
-करोलबाग से दुष्यंत गौतम पीछे। वे 8000 से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं। गौतम का नाम मुख्‍यमंत्री पद के लिए भी सामने आया है। 
-ग्रेटर कैलाश से दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज आठवें राउंड के बाद अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की शिखा राय से 1000 से ज्यादा वोटों से पीचे चल रहे हैं। 
-मालवीय नगर में भाजपा के सतीश उपाध्याय अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आप के सोमनाथ भारती से 5000 से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं। 
-पटपड़गंज में शिक्षाविद अवध ओझा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा के रवीन्द्र सिंह नेगी 15000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। नेगी वही उम्मीदवार हैं, जिनके प्रधानमंत्री मोदी ने तीन बार पांव छुए थे। 

11:33 AM, 8th Feb

-सातवें राउंड के बाद नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा 238 वोटों से आगे। वर्मा के सामने अरविन्द केजरीवाल हैं। 
-रिठाला में भाजपा के कुलवंत राणा 19000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-नजफगढ़ में भाजपा की नीलम पहलवान 13000 हजार से ज्यादा वोटों से आगे। 
-पटपड़गंज में भाजपा रवीन्द्र सिंह नेगी 12000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-विश्वासनगर में भाजपा के ओमप्रकाश शर्मा 16000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-रोहताश नगर में भाजपा के जितेन्द्र महाजन 10000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-मुस्तफाबाद में मोहनसिंह बिष्ट 40000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-करावलनगर में भाजपा के कपिल मिश्रा 20000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 7.45 बजे भाजपा मुख्‍यालय में पहुंचेंगे। वे भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। 
-भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में मनाया जीत का जश्न।


11:26 AM, 8th Feb
-दिल्ली के मंत्री गोपाल राय 20000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-जंगपुरा में मनीष सिसोदिया 3700 से ज्यादा वोटों से आगे।  
-किराड़ी में आप के अनिल झा 10 हजार से ज्यादा वोटों से आगे। 
-चांदनी चौक से आप के पुनर्दीप सिंह 12000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-बल्लीमारन में आप इमरान हुसैन 15000 से ज्यादा वोटों से आगे। 
-तिलकनगर में आप के जरनैल सिंह 11 हजार से ज्यादा वोटों से आगे। 
-मटिया महल में आप के मोहम्मद इकबाल 7 हजार से ज्यादा वोटों से आगे। 

10:49 AM, 8th Feb
-26 साल बाद भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने की ओर अग्रसर।
-आप संयोजक केजरीवाल एक बार फिर पिछड़े। छठे राउंड के बाद केजरीवाल 300 वोटों से पिछड़े। 
-जंगपुरा सीट पर मनीष सिसोदिया भी पीछे हुए। 
-ग्रेटर कैलाश सीट पर आप के सौरभ भारद्वाज पिछड़े। 
-कालकाजी सीट पर मुख्‍यमंत्री आतिशी लगातार पीछे चल रही हैं। यहां भाजपा रमेश बिधूड़ी आगे चल रहे हैं। 

10:16 AM, 8th Feb
-आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविन्द केजरीवाल 343 वोटों से आगे चल रहे हैं। उनके सामने भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित आगे चल रहे हैं। 
-बाबरपुर से‍ दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय 8000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। 
-कालकाजी सीट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी 1100 से ज्यादा वोटों से पीछे चल रही हैं। उनका मुकाबला -भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से है। 
-जंगपुरा सीट पर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया 1300 से ज्यादा वोटों से पीछे। 
-ग्रेटर कैलाश सीट से दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज 459 वोटों से आगे चल रहे हैं। 
-करावल नगर से भाजपा के कपिल मिश्रा 8000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। 
-पूर्व भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय मालवीय नगर से 1200 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। यहां उनका मुकाबला आप के सोमनाथ भारती से है। 
-बिजवासन से भाजपा के कैलाश गहलोत 2500 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। गहलोत चुनाव ठीक पहले आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। 
-सुल्तानपर माजरा से मुकेश कुमार अहलावत 1700 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। 


09:50 AM, 8th Feb
-चुनाव आयोग के मुताबिक भाजपा को बहुमत। भाजपा को 37 सीटों पर बढ़त। आम आदमी पार्टी 20 सीटों पर आगे। 
-नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा पिछड़े। चुनाव आयोग के अनुसार केजरीवाल 254 वोटों से आगे। 
-कालकाजी सीट पर मुख्‍यमंत्री आतिशी 1149 वोटों से पीछे चल रही हैं। यहां भाजपा के रमेश बिधूड़ी आगे चल रहे हैं। 
-बल्लीमारन सीट पर आप के इमरान हुसैन 475 वोटों से आगे चल रहे हैं। 
-बिजवासन सीट पर भाजपा के कैलाश गहलोत 2217 वोटों से आगे चल रहे हैं। 
-चांदनी चौक सीट पर आप के पुनर्दीप सिंह 2970 वोटों से आगे चल रहे हैं। 
-दिल्ली कैंट सीट पर भाजपा के भुवन तंवर 344 वोटों से आगे। 
-आदर्श नगर में आप के मुकेश कुमार गोयल 1052 वोटों से आगे।

09:30 AM, 8th Feb
-मुस्तफाबाद में भाजपा 5700 वोटों से आगे चल रही है। 
-पूर्व मुख्‍यमंत्री केजरीवाल ‍नई दिल्ली सीट से लगातार पीछे चल रहे हैं। 
-मुख्‍यमंत्री आतिशी लगातार पीछे चल रही हैं। 
-ग्रेटर कैलाश से आप के सौरभ भारद्वाज आगे हुए। 
-कालकाजी सीट पर कांग्रेस की अलका लांबा पीछे चल रही हैं। 
-शकूर बस्ती में आप के सत्येन्द्र जैन पीछे हुए। 
-बादली, बुराड़ी और त्रिनगर में कांग्रेस आगे। 
 

09:08 AM, 8th Feb
-चुनाव आयोग के मुताबिक भाजपा 3 सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव आयोग ने अभी 3 सीटों पर ही रुझान दिखाए हैं। 
-संगम विहार में भाजपा के चंदन कुमार आगे चल रहे हैं। 
-विश्वास नगर में भाजपा के ओमप्रकाश शर्मा आगे चल रहे हैं। 
-शाहदरा में भाजपा के संजय गोयल आगे चल रहे हैं। 
-जंगपुरा सीट पर मनीष सिसोदिया आगे हुए। 
-नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। यहां दिल्ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविन्द केजरीवाल मैदान में हैं। 
-शकूर बस्ती से आप के सत्येन्द्र जैन लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। 

08:57 AM, 8th Feb
-बादली सीट पर कांग्रेस के देवेन्द्र यादव आगे। 
-वजीरपुर सीट पर कांग्रेस रागिनी नायक पीछे चल रही हैं। 
-ग्रेटर कैलाश सीट पर आप के सौरभ भारद्वाज पीछे हुए। 
-ओखला से आप के अमानतुल्ला खान पीछे हुए। 
-शकूर बस्ती में आप के सत्येन्द्र जैन आगे हुए। 
-राजौरी गार्डन से भाजपा के मनजिंदर सिरसा आगे। 
-अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव में भाजपा आगे चल रही है। 

08:48 AM, 8th Feb
-शुरुआती रुझानों में भाजपा को बहुमत। भाजपा 39, आप 24, कांग्रेस 2 सीटों पर आगे। 
-मालवीयनगर में आप के सोमनाथ भारती पीछे हुए। 
-ग्रेटर कैलाश से आप के सौरभ भारद्वाज आगे चल रहे हैं। 
-करावल नगर में भाजपा के कपिल मिश्रा की बढ़त बरकरार है। मिश्रा पहले आम आदमी पार्टी में थे।
-ओखला में आप के अमानतुल्ला खान आगे चल रहे हैं। 
-रोहिणी से भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता बढ़त बनाए हुए हैं। 
-जंगपुरा में मनीष सिसोदिया के मुकाबले भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह आगे चल रहे हैं। 
-चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कैलाश गहलोत 
-करोलबाग में भाजपा के दुष्यंत गौतम आगे चल रहे हैं। गौतम का नाम भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए भी चल रहा है।

08:37 AM, 8th Feb
-डाक मतपत्रों में भाजपा को बढ़त। अब ईवीएम से गणना शुरू। 
-शुरुआती रुझानों में भाजपा 29 और आप 23 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। कांग्रेस 2 सीटों पर आगे चल रही है। 
-मालवीय नगर से आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती पीछे चल रहे हैं। 
-गांधीनगर में अरविंदर सिंह लवली आगे। लवली कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं। 
-ओखला से भाजपा आगे चल रही है।  
 

08:27 AM, 8th Feb
-केजरीवाल नई‍ दिल्ली सीट से पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा के प्रवेश वर्मा बढ़त बनाए हुए हैं। 
-मोतीनगर से भाजपा के हरीश खुराना आगे। 
-जंगपुरा सीट पर पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पीछे चल रहे हैं। 
-नरेला से भाजपा के राजकरण खत्री आगे। 
-शकूर बस्ती आप के सत्येन्द्र जैन आगे चल रहे हैं। 
-जनकपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार आगे। 

08:20 AM, 8th Feb
-बाबरपुर से दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय आगे। 
-सुल्तानपुर माजरा से आप के उम्मीदवार मुकेश अहलावत आगे।
-बिजवासन से भाजपा के कैलाश गहलोत आगे। 
-करावल नगर से भाजपा के कपिल मिश्रा आगे। 
-चांदनी चौक और लक्ष्मीनगर सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवार आगे।   
-देवली से आप के प्रेम चौहान आगे। 
 

08:04 AM, 8th Feb
-बुराड़ी में आम आदमी पार्टी के संजीव झा आगे। त्रिनगर सीट से आप उम्मीदवार आगे। 
-रोहिणी विधानसभा सीट से भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता आगे। पोस्टर बैलेट में भाजपा को बढ़त। 
-पटपड़गंज से भाजपा आगे। यहां आप ने अवध ओझा को उम्मीदवार बनाया है। 
-पोस्टल बैलेट के पहले रुझान में आरके पुरम से भाजपा आगे। 
-10 काउंटिंग सेंटरों पर हो रही है मतगणना। 
-सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जा रही है। 

07:36 AM, 8th Feb
-ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आज चुनाव नतीजों से पहले हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
-मालवीय नगर से भाजपा उम्मीदवार सतीश उपाध्याय ने हनुमान मंदिर, ग्रीन पार्क में पूजा-अर्चना की।
-ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार शिखा राय ने दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम के दिन कालकाजी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की।

06:41 AM, 8th Feb
-सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। 
-भाजपा और आम आदमी पार्टी ने किए अपनी अपनी जीत के दावे। 
-AAP नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं। सरकार बन रही है अभी हमें दिल्ली के लोगों के लिए और काम करना है। बच्चों की शिक्षा के लिए और काम करना है।
-नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, "जो भी जीते वो दिल्ली की सेवा करे। सभी को शुभकामनाएं।"
-मतगणना से पहले करोल बाग विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत कुमार गौतम ने झंडेवालान मंदिर में दर्शन किए।

12:00 AM, 8th Feb
दिल्ली में 60 फीसदी से ज्यादा मतदान : दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुधवार को 60.54 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 94,51,997 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मताधिकार का इस्तेमाल करने वालों में 50.42 लाख पुरुष और 44.08 लाख महिला मतदाता शामिल रहीं, जबकि 403 तृतीय लिंग मतदाताओं ने भी मतदान में भाग लिया। दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी में केवल 56 प्रतिशत लोगों ने ही मताधिकार का इस्तेमाल किया था। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 13,766 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था और चुनाव में कुल 699 उम्मीदवार हैं।

07:41 PM, 7th Feb
चुनाव आयोग पर केजरीवाल का आरोप : दिल्ली में विधानसभा चुनाव की मतगणना की पूर्व संध्या पर आम आदमी पार्टी (AAPआप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने उनकी पार्टी के कई बार अनुरोध करने के बावजूद फॉर्म 17सी अपलोड करने से इनकार कर दिया। फॉर्म 17सी में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रति बूथ पर पड़े वोटों का विवरण होता है। उन्होंने कहा कि इसके जवाब में आप ने एक वेबसाइट की शुरुआत की है, जहां उसने सभी विधानसभा सीटों के लिए फॉर्म 17सी डेटा अपलोड किया है।