1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress questions on Hyderaabad encounter

हैदराबाद एनकाउंटर मामले पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Hyderabad case
नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या के आरोपियों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की घटना को लेकर शुक्रवार को कहा कि इसकी ‘निष्पक्ष जांच’ होनी चाहिए ताकि लोगों को विश्वास हो सके कि यह सुनियोजित मुठभेड़ नहीं थी।
 
दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा ने कहा, 'एक महिला होने के नाते हमारी त्वरित प्रतिक्रिया यही है कि बहुत अच्छा हुआ। लेकिन दूसरी तरफ यह भी देखना होगा कि बहुत जनाक्रोश था और सरकार पर दबाव था।'
 
उन्होंने कहा कि अगर जनता के दबाव में आकर सरकार ने ऐसा कोई कदम उठाया जो न्याय से इतर हत्या हो सकती है तो यह देश के लिए बहुत खतरनाक है और एक ऐसी परिपाटी तय करेगा जो बाद में किसी भी आम नागरिक के लिए खतरनाक हो सकता है। इसलिए यह जानना बहुत जरूरी है कि सुनियोजित मुठभेड़ नहीं थी।
 
शर्मिष्ठा ने कहा कि हम चाहते हैं कि इसकी निष्पक्ष जांच हो ताकि लोगों को भरोसा हो जाए कि यह सुनियोजित मुठभेड़ नहीं थी। गौरतलब है कि हैदराबाद में पशु-चिकित्सक के सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपी शुक्रवार को सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए।
 
साइबराबाद पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनर ने कहा कि चारों आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
अगला लेख
बोले शिवराज सिंह, नरपिशाचों को उनके पाप की सजा मिली