1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. congress president election to be held on 8 october

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, 8 अक्टूबर को मतदान, किसका दावा सबसे मजबूत?

congress president election
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी गई और इसके साथ ही देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल के सर्वोच्च पद पर आसीन होने वाले व्यक्ति को चुनने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आरंभ हो गई। पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाले केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई।
 
क्या है चुनाव कार्यक्रम : कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद अब नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
 
कौन-कौन है अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल : अधिसूचना जारी होने से एक दिन पहले बुधवार को, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर के चुनावी समर में उतरने का स्पष्ट संकेत देने के बाद यह संभावना प्रबल हो गई है कि 22 साल बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी का प्रमुख चुनाव के जरिये चुना जाएगा।
 
गहलोत ने कहा कि वह पार्टी का फैसला मानेंगे, लेकिन उससे पहले राहुल गांधी को अध्यक्ष बनने के लिए मनाने का एक आखिरी प्रयास करेंगे। हालांकि अध्यक्ष पर गहलोत का दावा ही सबसे मजबूत माना जा रहा है।
 
दूसरी तरफ, पहले से ही चुनाव लड़ने का संकेत दे रहे लोकसभा सदस्य थरूर ने बुधवार को कांग्रेस के मुख्यालय में पहुंचकर पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की और नामांकन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की।

मीडिया खबरों के अनुसार, शशि थरूर को ‍G-23 गुट का समर्थन हासिल नहीं है। गुट के अन्य नेताओं को दरकिनार कर उन्होंने खुद ही अपनी दावेदारी पेश की है। ऐसे में मनीष तिवारी भी अध्यक्ष पद पर अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। दिग्विजय सिंह समेत कई अन्य नेताओं के भी चुनावी मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है।
अगला लेख
ब्याज दरों में वृद्धि के बावजूद सेंसेक्स 484 अंक टूटा, निफ्टी भी 137.95 अंक फिसला