1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. CBI to probe Twisha Sharma death case

ट्विशा शर्मा मौत मामले की होगी CBI जांच !,सीएम से मिले परिजन, मोहन यादव ने दिया पूरी मदद का भरोसा

ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच के लिए सीबीआई को पत्र लिखेगी मोहन सरकार

CBI to investigate Twisha Sharma's death case; Twisha's family meets CM Dr. Mohan Yadav
भोपाल। भोपाल में हाईप्रोफाइल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले की CBI जांच होगी। बुधवार ट्विशा के परिजनों ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने ट्विशा के परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस प्रकरण में परिवार की पूरी सहायता करेगी। इस मामले में जांच के लिए सीबीआई को भी पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतका के दोबारा पोस्टमॉर्टम के संबंध में न्यायालय निर्णय करेगा, लेकिन परिजन यदि चाहते हैं तो ट्विशा के पार्थिव शरीर को दिल्ली एम्स ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
 
ट्विशा को न्याय दिलाने के लिए आगे  आए पूर्व सैनिक और अधिकारी- बुधवार को ट्विशा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर पूर्व सेना अधिकारी और जवान सड़क पर उतर आए। वर्दी वेलफेयर सोसाइटी के नेतृत्व में शौर्य स्मारक से निकाली गई बाइक रैली में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल हुए और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिकों ने आरोप लगाया कि ट्विशा शर्मा और उनके परिवार के साथ अन्याय हुआ है। उनका कहना था कि परिवार से जुड़े सैन्य अधिकारी देश की सेवा में सीमाओं पर तैनात हैं और सेवा नियमों के कारण वे व्यक्तिगत स्तर पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर सकते। ऐसे में पूर्व सैनिक समाज उनके समर्थन में आगे आया है। गौरतलब है कि ट्विशा के भाई सेना में मेजर पद पर कार्यरत हैं।
ट्विशा के मेजर भाई ने लगाए गंभीर आरोप- इससे पहले  ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह पर  कई गंभीर आरोप लगाए। मीडिया से बात करते हुए ट्विशा के भाई ने कहा कि बहन की मौत के बाद पुलिस को पहली कॉल हम लोगों ने की थी, न ट्विशा के ससुराल वालों ने। उनका दावा है कि वो ट्विशा को बचाने की जल्दी में थे, लेकिन जो वीडियो सामने आया है उसमें साफ़ तौर पर दिख रहा है कि गिरिबाला सिंह काफ़ी शांत तरीक़े से सीढ़ियों से ऊपर-नीचे जा रही थीं। उनके पास न्यायिक प्रक्रिया की सारी जानकारी थी। वो पुलिस को कॉल कर सकती थीं। उन्होंने पुलिस को कॉल क्यों नहीं किया।

ट्विशा की सास की जमानत पर उठाए सवाल-उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि  एफ़आईआर दर्ज करने में तीन दिन लग गए और एफआईआर दर्ज होने से पहले गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी थी। उन्हें इस आधार पर ज़मानत मिलना कि वह 63 साल की प्रतिष्ठित महिला हैं और उन्हें किसी के लिए ख़तरा नहीं माना गया, उनके उन कामों को सही नहीं ठहराता जो साफ़तौर पर उनकी बनाई जा रही छवि के बिल्कुल उलट हैं।

वहीं कोर्ट परिसर में अपने परिवार को साथ हुए घटना पर जिक्र करते हुए कहा कि एक तथाकथित नॉन-थ्रेट  महिला कोर्ट परिसर के अंदर मेरे 61 साल के पिता को धमकाने के लिए लोगों को भेज रही है। वहीं अपनी बहन पर ससुराल पक्ष के  आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सवाल क्यों नहीं पूछ रहे कि समर्थ सिंह कहां है, वह फ़रार क्यों है, दूसरे पोस्टमॉर्टम की मांग क्यों नहीं की जा रही?"
 
ट्विशा की सास ने लगाए गंभीर आरोप- वहीं रिटायर्ड जज और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने एक बार फिर अपने बेटे का बचाव किया है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ट्वीशा के गर्भवती होने के बाद उसका व्यवहार अचानक बदल गया और वह बच्चा नहीं चाहती थी और उसने पति समर्थ के बहुत समझाने के बाद भी अबॉर्शन कराया। उन्होंने कहा कि परिवार में पहला बच्चा आने की खुशी होती है, लेकिन परिवार वह खुशी महसूस भी नहीं कर पाया।
 
वहीं उन्होंने आऱोप लगाया कि ट्विशा डिप्रेशन में थी और उसका इलाज मनोचिकित्सक कोकिला राय और डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के पास कराया गया। लेकिन ट्विशा ने दवाएं नहीं ली और दो बार ही काउसलिंग के लिए गई। वहीं उन्होंने ट्विशा के परिवार वालों के आरोरों पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर  उनको अपनी बेटी के परेशान होने की जानकारी थी तो  क्यों नही मिलने आए। 
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल,  धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।.... और पढ़ें