सम्बंधित जानकारी
- बलात्कार नहीं कर पाए तो 18 साल की बास्केटबॉल खिलाड़ी को फेंका स्टेडियम की छत से
- रेप के आरोप में मिर्ची बाबा ग्वालियर से गिरफ्तार, शर्तिया बच्चा होने का झांसा देकर महिला से किया बलात्कार
- 3 बार बिकी, अलग-अलग राज्यों में बार-बार हुआ दुष्कर्म, सदमे से उबरकर अब पास की 12वीं
- अंतहीन नरक! सौतेला बाप पहले दुष्कर्म करता रहा, पति भी बना, फिर वेश्यावृत्ति मे धकेल दिया...
- नोएडा में 13 वर्षीय छात्रा का अपहरण कर बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार
देश की राजधानी दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित महानगर, बीते साल हर दिन 2 नाबालिगों से रेप- NCRB रिपोर्ट
नई दिल्ली। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की नई रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राष्ट्रीय राजधानी में पिछले साल हर दिन 2 नाबालिग लड़कियों से बलात्कार हुआ। आंकड़ों अनुसार दिल्ली में 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,892 मामले दर्ज किए गए जिसमें 2020 की तुलना में 40 प्रतिशत से अधिक की महत्वपूर्ण वृद्धि हुई। वर्ष 2020 में यह आंकड़ा 9,782 था।
एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले सभी 19 महानगरों की श्रेणी में कुल अपराधों का 32.20 प्रतिशत हैं। दिल्ली के बाद वित्तीय राजधानी मुंबई थी, जहां ऐसे 5,543 मामले और बेंगलुरु में 3,127 मामले आए थे। मुंबई और बेंगलुरु का 19 शहरों में हुए अपराध के कुल मामलों में क्रमश: 12.76 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत का योगदान है।
20 लाख से अधिक आबादी वाले अन्य महानगरीय शहरों की तुलना में 2021 में राष्ट्रीय राजधानी में अपहरण (3,948), पतियों द्वारा क्रूरता (4,674) और बालिकाओं से बलात्कार (833) से संबंधित श्रेणियों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। आंकड़ों से पता चलता है कि 2021 में दिल्ली में हर दिन औसतन दो लड़कियों से बलात्कार हुआ।
रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,982 मामले दर्ज किए गए जबकि सभी 19 महानगरों में कुल अपराध के 43,414 मामले थे। राजधानी में 2021 में दहेज हत्या के 136 मामले दर्ज किए गए हैं, जो 19 महानगरों में होने वाली कुल मौतों का 36.26 प्रतिशत है।
एनसीआरबी ने कहा कि बालिकाओं के मामले में 2021 में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत 1,357 मामले दर्ज किए गए। आंकड़ों के अनुसार 2021 में बच्चियों से बलात्कार के 833 मामले दर्ज किए गए, जो महानगरों में सबसे अधिक हैं।(भाषा)
