शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Bungalow allotted to Delhi Chief Minister Atishi
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2024 (20:06 IST)

आतिशी से जो बंगला खाली कराया था, वही दिल्ली की CM को आवंटित

Atishi Marlena
Delhi CM Atishi News : दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगला शुक्रवार को औपचारिक रूप से आवंटित कर दिया गया। 2 दिन पहले आतिशी को इस बंगले को खाली करने के लिए मजबूर किया गया था। यह बंगला आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच विवाद का केंद्र बना हुआ था।
 
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से जारी प्रस्ताव पत्र में कहा गया है कि बंगला सौंपे जाने और सामान की सूची बनाने की उचित प्रक्रिया पूरी करने के बाद सिविल लाइंस स्थित बंगला औपचारिक रूप से आतिशी को आवंटित कर दिया गया है।
इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगला खाली किए जाने के बाद से ही यह आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच विवाद का केंद्र बना हुआ था। 
 
आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को नई दिल्ली में कुछ तस्वीरें साझा कर दावा किया था कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) अपने कालकाजी स्थित आवास पर सामान के कार्टन के बीच फाइलों पर दस्तखत कर रही हैं। इससे एक दिन पहले पार्टी ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय राजधानी के 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को 'जबरन खाली' कराया है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए 'आप' नेता संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया और कहा कि वह दिल्ली के लोगों के लिए काम करने के आतिशी के जज्बे को नहीं छीन सकती। उन्होंने भाजपा पर नवरात्रि में एक महिला मुख्यमंत्री का सामान उनके 'घर' से फिंकवाने का भी आरोप लगाया था।
राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा कि यह एक चुनी हुई महिला मुख्यमंत्री और दिल्ली की जनता का घोर अपमान है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उपराज्यपाल वीके सक्सेना के कहने पर आतिशी का सामान बंगले से हटा दिया गया। आतिशी को पिछले साल तत्कालीन अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद मथुरा रोड पर एबी-17 बंगला आवंटित किया गया था। (इनपुट एजेंसियां) 
Edited By : Chetan Gour