1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Bollywood actor Irrfan khan dies

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का निधन

Irrfan khan
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का बुधवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। अभिनेता इरफान खान को मंगलवार को पेट के संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गौरतलब है कि 4 दिन पहले जयपुर में इरफान की मां सईदा बेगम का निधन हो गया था। लॉकडाउन के चलते वे अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाए थे।

53 वर्षीय अभिनेता इरफान लगभग दो वर्ष से बीमारी से जूझ रहे थे। इंग्लैंड में उनका लंबा इलाज भी चला और वे लंबे समय तक फिल्मों से गायब भी रहे।

अभिनेता के प्रतिनिधि ने बयान में कहा, यह काफी दुखद है कि आज हमें उनके निधन की खबर बतानी पड़ रही है। इरफान एक मजबूत इंसान थे, जिन्होंने अंत तक लड़ाई लड़ी और अपने संपर्क में आने वाले हर शख्स को प्रेरित किया। 2018 में एक दुर्लभ किस्म का कैंसर होने के बाद उन्होंने उससे लड़ाई लड़ी और जीवन के हर मोर्चे पर उन्होंने कई लड़ाईयां लड़ीं।
 
बयान के अनुसार, अपने प्रियजनों, अपने परिवार के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली और अपने पीछे एक महान विरासत छोड़ गए। हम दुआं करते हैं कि उन्हें शांति मिले। और हम उनके द्वारा कहे शब्दों को दोहराएंगे कि ये इतना जादुई था, जैसे कि मैं पहली बार जिंदगी का स्वाद चख रहा था।
 
हाल ही में उनकी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' रिलीज हुई, लेकिन रिलीज के दूसरे ही दिन देश के अधिकांश शहरों में कोरोना वायरस के चलते सिनेमाघर बंद हो गए, जिसका असर फिल्म के व्यवसाय पर पड़ा।
अगला लेख
देश में कोरोना से 1000 से ज्यादा मौत, 31332 संक्रमित