• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP claims hat-trick in Haryana assembly elections
Last Modified: शनिवार, 17 अगस्त 2024 (01:25 IST)

Haryana Elections : भाजपा ने हैट्रिक का किया दावा, कांग्रेस को सत्ता में वापसी की आस

Haryana Elections : भाजपा ने हैट्रिक का किया दावा, कांग्रेस को सत्ता में वापसी की आस - BJP claims hat-trick in Haryana assembly elections
BJP claims hat-trick in Haryana assembly elections : निर्वाचन आयोग द्वारा शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित किए जाने के तुरंत बाद राजनीतिक दलों ने इस कदम का स्वागत किया। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि वह लगातार राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगी, जबकि कांग्रेस ने दावा किया कि जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
 
निर्वाचन आयोग ने कहा कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव एक अक्टूबर को एक ही चरण में होंगे और नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा हरियाणा में बड़े जनादेश के साथ सत्ता बरकरार रखेगी और विकास की गति तेज होगी।
 
सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, हरियाणा की जनता एक अक्टूबर 2024 को लोकतंत्र के महापर्व के लिए तैयार है। एक अक्टूबर को जनता एक बार फिर मतदान बूथ पर जाकर कमल का बटन दबाएगी और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएगी। चार अक्टूबर: हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार।
 
कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, जनता चुनाव की तारीख घोषित होने का इंतजार कर रही थी। हम भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे और भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देंगे। हुड्डा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी जीतने योग्य उम्मीदवारों को योग्यता के आधार पर टिकट देगी।
 
उन्होंने पार्टी की हरियाणा इकाई में गुटबाजी की बातों को खारिज करते हुए कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अनिल विज ने चुनाव की तारीखों की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, हम निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हैं। हमारे कार्यकर्ता हमेशा मैदान में रहते हैं और हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
 
भाजपा की हरियाणा इकाई के वरिष्ठ नेता ओपी धनखड़ ने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है। धनखड़ ने कहा, हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। कार्यकर्ता बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हम लोगों के पास जाएंगे और पिछले 10 वर्ष में ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा किए गए कामों के आधार पर वोट मांगेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता तीसरी बार अपना आशीर्वाद देगी और पार्टी ‘हैट्रिक’ लगाएगी।
 
भाजपा 2014 से राज्य में सत्ता में है। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार के जाने का समय आ गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विनीत पुनिया ने कहा कि भाजपा सरकार की विदाई का समय आ गया है। उन्होंने कहा, बीते 10 वर्ष में भाजपा सरकार ने कई जनविरोधी फैसले लिए, जिससे समाज का हर वर्ग नाखुश है।
 
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता दिग्विजय चौटाला ने दावा किया कि जनता आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी को अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि जजपा हमेशा किसानों और कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। चौटाला ने कहा कि चुनाव क्षेत्रीय मुद्दों पर लड़ा जाएगा।
 
इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा, हम हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हैं। राज्य को लूटने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने का समय आ गया है। आईएनएलडी, मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी।
 
आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी ने सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। गुप्ता ने कहा, हमने पिछले पखवाड़े में 45 जनसभाएं कीं। लोग इस बार ‘बदलाव’ चाहते हैं और ‘आप’ एक अच्छा विकल्प प्रदान करेगी। 
Atishi
आतिशी बोलीं- आम आदमी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार : दिल्ली की मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में सभी सीट पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने का विश्वास जताया। निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि 90 सदस्‍यीय हरियाणा विधानसभा के लिए एक अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
 
चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद आतिशी ने कहा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हमारी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने जनसभाओं को संबोधित किया है और उन्हें भारी भीड़ देखने को मिली है। केजरीवाल हरियाणा के बेटे हैं और इसलिए लोगों का उनसे जुड़ाव है।
 
उन्होंने कहा कि वे पूरी ताकत से सभी सीट पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करेगी, उन्होंने कहा, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद इस पर फैसला किया जाएगा। हम सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर अभियान चला रहे हैं और बूथ समितियों के गठन का काम चल रहा है।(एजेंसियां)
Edited By : Chetan Gour