• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Bharat Jodo Nyay Yatra reached Bihar
Last Modified: किशनगंज (बिहार) , सोमवार, 29 जनवरी 2024 (13:43 IST)

भारत जोड़ो न्याय यात्रा पहुंची बिहार, RSS और BJP पर बरसे राहुल गांधी

Bharat Jodo Nyay Yatra
Bharat Jodo Nyay Yatra reached Bihar : राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' ने आज किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विचारधाराएं देश में हिंसा और नफरत फैला रही हैं।
 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने सोमवार को किशनगंज से बिहार में प्रवेश किया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बिहार में राहुल गांधी का स्वागत किया। गांधी ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के तहत यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में विभिन्न धर्मों और जातियों के लोग लड़ रहे हैं।
 
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से होते हुए बिहार पहुंचे गांधी ने कहा, आरएसएस और भाजपा की विचारधारा ने देश में हिंसा और नफरत फैलाई है। उन्होंने कहा, हम ‘नफरत के बाजार’ में ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलना चाहते हैं। यह 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान के बाद राहुल गांधी की पहली बिहार यात्रा है।
न्याय यात्रा ऐसे समय में राज्य में प्रवेश कर रही है जब कांग्रेस के पूर्व सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक दिन पहले फिर से पाला बदलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापस चले गए।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि राहुल गांधी गुरुवार को अररिया जिले के रास्ते पश्चिम बंगाल रवाना होंगे और कुछ दिनों बाद झारखंड के रास्ते फिर बिहार लौटेंगे। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नेताओं के अनुसार, बिहार में पार्टी के गठबंधन सहयोगियों राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य को पूर्णिया की रैली में आमंत्रित किया गया है।
कांग्रेस नेता प्रेम चंद्र मिश्रा ने 22 जनवरी को बताया था कि जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार भी पूर्णिया में आयोजित रैली के दौरान राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेंगे लेकिन न्याय यात्रा के बिहार में प्रवेश करने से एक दिन पहले ही नीतीश राज्य में ‘महागठबंधन’ और राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) से नाता तोड़कर राजग में चले गए। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
बढ़ते जलस्तर से सिकुड़ रहा सुंदरबन द्वीप, विस्थापन की समस्या से जूझ रहे लोग