असम में बाढ़ का कहर, 21 लाख से ज्यादा प्रभावित, 57,018 हेक्टेयर भूमि जलमग्न
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, जान गंवाने वाले छह लोगों में से चार लोग गोलाघाट के रहने वाले थे जबकि डिब्रूगढ़ और चराईदेव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक प्रभावित जिलों में धुबरी शामिल है, जहां 6,48,806 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं दरांग में 1,90,261, कछार में 1,45,926, बारपेटा में 1,31,041 और गोलाघाट में 1,08,594 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में, 39,338 प्रभावित लोग 698 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं।
बुलेटिन के मुताबिक विभिन्न एजेंसियों ने नावों का उपयोग कर एक हजार से अधिक लोगों और 635 जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। कामरूप (महानगर) जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है, जहां ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया साइट पर एक पोस्ट में कहा कि बाढ़ के कारण असम के मेरे कई भाइयों और बहनों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। आज माजुली में मैं कई परिवारजनों से मिला और उन्हें आश्वस्त किया कि हम उन्हें नियमों के अनुसार और समय रहते सभी प्रकार की राहत प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जिनका घर गया है, उनके लिए घर की व्यवस्था की जाएगी, और जिन्हें किसी और प्रकार का नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।
Edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें