Maha Kumbh 2025 begins in Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ की शुरुआत। पहले ही लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी। देश और दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुंभ नगरी पहुंच रहे हैं। जानिए आज यानी सोमवार (13 जनवरी, 2025) के प्रमुख घटनाओं के बारे में जानकारी....
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली के नारायणा में लोहड़ी की पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर लोहड़ी मनाया। मोदी ने एक्स पर लिखा,“कई लोगों के लिए लोहड़ी का विशेष महत्व है, खासकर उत्तर भारत के लोगों के लिए। यह नवीनीकरण और आशा का प्रतीक है। यह कृषि और हमारे मेहनती किसानों से भी जुड़ा हुआ है।”
उन्होंने कहा,“मुझे आज शाम दिल्ली के नारायणा में एक कार्यक्रम में लोहड़ी मनाने का अवसर मिला। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ख़ासकर युवाओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया। सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं। इससे पहले मोदी ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के आवास पर आयोजित संक्रांति और पोंगल समारोह में भी हिस्सा लिया।
उन्होंने एक्स पर कहा,“अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगी जी. किशन रेड्डी गारू के निवास पर संक्रांति और पोंगल समारोह में शामिल हुआ। एक बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा। पूरे भारत में लोग संक्रांति और पोंगल को बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। यह कृतज्ञता, प्रचुरता और नवीनीकरण का उत्सव है, जो हमारी संस्कृति की कृषि परंपराओं में गहराई से निहित है। संक्रांति और पोंगल की मेरी शुभकामनाएं। सभी को खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्ध फसल के मौसम की शुभकामनाएं।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से सोमवार को 5 बांग्लादेशियों को अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने, अपनी पहचान छिपाकर एक स्थानीय कपड़ा मिल में काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी सोनारपुर में एक किराए के मकान में साथ रहते थे और उन्होंने नौकरी पाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सोनारपुर थाने के अधिकारियों ने बांग्लादेशी नागरिकों के समूह पर नजर रखनी शुरू कर दी और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने पड़ोसियों से कभी बातचीत नहीं करते थे। अधिकारी ने बताया कि ये पांचों करीब 1 साल पहले अवैध तरीके से भारत में घुसे। उन्होंने अपनी पहचान छिपाई और एक कपड़ा मिल में काम करने लगे। हम उनकी गतिविधियों के बारे में और जानने के लिए उनके पड़ोसियों से जानकारी जुटा रहे हैं। उन्हें आज दोपहर एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया।
02:20 PM, 13th Jan
80 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया स्नान : प्रयागराज में सुबह 11 बजे तक ही करीब 80 लाख से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। जानकारों की मानें तो यह आंकड़ा 2-3 करोड़ हो सकता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश दुनिया से कुंभनगरी प्रयागराज पहुंच रहे हैं।
11:10 AM, 13th Jan
महाकुंभ में मुलायम की प्रतिमा का विरोध : महाकुंभ मेला परिसर में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता स्व. मुलायम सिंह की प्रतिमा पर हुआ बवाल। कई हिन्दू संत-महंतों ने मुलायम की प्रतिमा का विरोध किया। अखाड़ा परिषद ने कहा कि हिन्दुओं की आस्था के पर्व में हिन्दू विरोधी नेता की मूर्ति लगाना हिन्दुओं का अपमान है।
10:36 AM, 13th Jan
मां गंगा आपकी मनोकामना पूर्ण करें : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को महाकुम्भ की शुरुआत पर अपनी शुभकामनाएं दीं, जिसे उन्होंने संस्कृतियों का संगम और अनेकता में एकता का संदेश बताया। पौष पूर्णिमा स्नान के साथ महाकुम्भ मेला सोमवार से प्रारंभ हो गया। आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, पौष पूर्णिमा की बधाई। विश्व के विशालतम आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समागम महाकुम्भ का आज से तीर्थराज प्रयागराज में आरंभ हो रहा है। अनेकता में एकता की अनुभूति के लिए, आस्था एवं आधुनिकता के संगम में साधना एवं पवित्र स्नान के लिए पधारे सभी पूज्य सन्तों, कल्पवासियों, श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत है। मां गंगा आप सभी की मनोकामना पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ प्रयागराज के आरंभ एवं प्रथम स्नान की मंगलमय शुभकामनाएं। सनातन गर्व-महाकुम्भ पर्व।
10:19 AM, 13th Jan
ट्रेन पर पथराव : महाराष्ट्र के जलगावं में महाकुंभ जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव। महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं में मचा हड़कंप। ट्रेन सूरत से प्रयागराज जा रही थी। पथराव में ट्रेन के बी 6 कोच की खिड़की का कांच टूट गया। अधिकारी ने बताया कि महाकुंभ मेले के लिए प्रयागराज जा रहे यात्रियों के अनुसार, जलगांव स्टेशन से रवाना होने के दो-तीन किलोमीटर बाद ट्रेन पर पत्थर फेंका गया।
10:13 AM, 13th Jan
पौष पूर्णिमा पर प्रयागराज में महाकुंभ की शुरुआत। हिंदू धर्म के सबसे बड़े उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं के मन में उत्साह। सुबह 9.30 बजे तक 60 लाख से ज्यादा लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी। 13 जनवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलेगा महाकुंभ। करोड़ों लोगों के महाकुंभ में शामिल होने की संभावना। कुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। महाकुंभ का पहला अमृत स्नान 14 जनवरी को किया जाएगा।