दही-हांडी दौरान पिरामिड बनाते समय 35 गोविंदा घायल
Dahi Handi festival in Mumbai: मुंबई में बृहस्पतिवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दही-हांडी उत्सव के दौरान अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 35 गोविंदा घायल हो गए। उत्सव के दौरान, गोविंदा हवा में लटकी दही-हांडी को तोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाते हैं। पूरे शहर में यह उत्सव धूमधाम से मनाया गया।
शहर भर में विभिन्न स्थानों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जिसमें दही हांडी तोड़ने में सफल होने वाले गोविंदा समूहों को नकद पुरस्कार दिया जाता है। मानव पिरामिड बनाने के दौरान प्रतिभागियों के गिरने और घायल होने की आशंका रहती है।
अधिकारी ने कहा कि मुंबई में दही-हांडी उत्सव के दौरान अब तक कम से कम 35 गोविंदा को चोटें आई हैं। चार गोविंदा को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो को मध्य मुंबई के परेल में बीएमसी संचालित केईएम अस्पताल और दो को घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि 22 घायलों का इलाज सरकारी और निगम अस्पतालों के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में किया जा रहा है। बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि बृह्न्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने गोविंदाओं के घायल होने की स्थिति में निकाय अस्पतालों में 125 बिस्तरों की व्यवस्था की है।
भाजपा के 400 आयोजन : भाजपा की मुंबई इकाई ने इस साल महानगर में दही-हांडी के 400 कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिसमें शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे के निर्वाचन क्षेत्र वर्ली का जंबूरी मैदान भी शामिल है। बृहस्पतिवार का दही हांडी कार्यक्रम अगले साल के लोकसभा चुनावों से पहले आखिरी उत्सव है। साथ ही बीएमसी के चुनाव भी 2022 की शुरुआत से लंबित हैं।
बीएमसी पर 1997 से 2022 के बीच 25 वर्षों तक उद्धव ठाकरे के शिवसेना गुट का नियंत्रण था और भाजपा देश के सबसे अमीर नागरिक निकाय पर कब्जा करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि इस साल की दही-हांडी मुंबई में बदलाव लाएगी।
शेलार ने कहा कि भाजपा नेताओं, विधायकों, सांसदों और पार्टी पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में दही हांडी कार्यक्रम का आयोजन किया है। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

