मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Today Arvind Kejriwal will launch AAP election campaign from Bhopal.
Written By Author विकास सिंह
Last Modified: मंगलवार, 14 मार्च 2023 (08:00 IST)

आज अरविंद केजरीवाल भोपाल से करेंगे AAP का चुनावी शंखनाद, मुफ्त गारंटी और ओपीएस की बहाली मुख्य चुनावी मुद्दा

आज अरविंद केजरीवाल भोपाल से करेंगे AAP का चुनावी शंखनाद, मुफ्त गारंटी और ओपीएस की बहाली मुख्य चुनावी मुद्दा - Today Arvind Kejriwal will launch AAP election campaign from Bhopal.
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी आज से अपने चुनावी अभियान का आगाज करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज भोपाल के भेल दशहरा मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बड़ी रैली को संबोधित करने जा रहे है। राजधानी भोपाल में आम आदमी पार्टी की होने वाली पहली बड़ी चुनावी रैली में करीब एक लाख पार्टी कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया गया है। रैली को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज दोपहर बाद अरविंद केजरीवाल और भगवंत भोपाल पहुंचएंगे और फिर पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के बाद रैली को संबोधित करेंगे।  

230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी-आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है। आम आदमी पार्टी के महासचिव संदीप पाठक के मुताबिक प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। चुनाव से पहले पार्टी को जमीन पर मजबूत करने के लिए पार्टी इन दिनों तेजी से अपना सदस्यता अभियान चलाने के साथ युवा वर्ग को पार्टी से जोड़ने की कोशिश कर रही है। वहीं चुनाव से ठीक पहले प्रदेश में पार्टी का एक मजबूत ढांचा तैयार करने के लिए मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है, अब आज अरविंद केजरीवाल के भोपाल आने के बाद पार्टी जल्द ही नई कार्यकारिणी की घोषणा कर सकती है।

गवर्नेंस का केजरीवाल मॉडल पर चुनाव-मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी अपने राष्ट्रीय नेता अरविंद  केजरीवाल के चेहरे पर चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। पार्टी मध्यप्रदेश के लोगों के सामने दिल्ली में  गवर्नेस के केजरीवाल मॉडल को रखकर कर चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता और मध्यप्रदेश के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह कहते हैं पार्टी मध्यप्रदेश में दिल्ली में केजरीवाल सरकार गवर्नेंस मॉडल को जनता के सामने रखकर चुनावी मैदान में उतरेगी। वह कहते हैं दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने जिस तरह से लोगों को बेहतर प्रशासन उपलब्ध कराया है उसको मध्यप्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचाएंगे।  
 

केजरीवाल के मुफ्त गारंटीबनेगा ट्रंप कार्ड-मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी दिल्ली, पंजाब और गुजरात की तर्ज पर मुफ्त के चुनावी वादों के साथ चुनाव लड़ेगी। आज भोपाल के भेल दशहरा मैदान में होने वाली रैली में अरविंद केजरीवाल मंच से ‘तीन गारंटी’ की बड़ी घोषणा कर सकते है। ‘तीन गांरटी’ घोषणा दरअसल विधानसभा चुनाव के लिए आप का सबसे बड़ा चुनावी दांव है। 

इसमें सरकार बनने पर मुफ्त बिजली, बकाया बिजली के बिल के माफ करने, बेरोजगारों को नौकरी के साथ बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक तीन हजार प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने आदि की घोषणा शामिल हो सकती है। इसके साथ अरविंद केजरीवाल अपनी चुनावी रैली में सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का भी बड़ा एलान कर सकते है। दरअसल मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना इस समय सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है।

दरअसल  आम आदमी पार्टी को दिल्ली के बाद पंजाब और गुजरात में जिस तरह से सफलता हासिल हुई है उसके बाद पार्टी मध्यप्रदेश में अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रही है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक कहते है कि जनता को मुफ्त में देने में कोई बुराई नहीं है क्योंकि जनता का पैसा है और उसे जनता पर ही खर्च करेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के चलते लोगों को मुफ्त में शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं नहीं मिल पा रही है।
 

2023 में AAP को क्यों दिख रही उम्मीद?- मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने का बड़ा कारण पिछले साल हुए नगर निगम चुनाव में पार्टी को मिली सफलता है। आम आदमी पार्टी ने पिछले साल हुए नगर निगम चुनाव में चौंकाने वाला प्रदर्शन करते सिंगरौली महापौर पद पर अपना कब्जा जमाकर अपनी दमदार उपस्थित दर्ज करा दी थी। वहीं विंध्य के सबसे बड़े शहर रीवा में भी आम आदमी पार्टी के महापौर उम्मीदवार ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई थी। दूसरी ओर नगर निगम चुनाव में ग्वालियर में आप की महापौर उम्मीदवार रूचि गुप्ता ने लगभग 50 हजार वोट हासिल कर ग्वालियर-चंबल में आप की मजबूत पकड़ को बता दिया।

इसके साथ आम आदमी पार्टी का दावा है कि नगर निगम चुनाव में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 50 से अधिक पार्षद चुनाव जीते है वहीं पंचायत चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में निर्वाचित हुए है। मुरैना के पोरसा नगर पालिका में एक सीट जीतकर आम आदमी पार्टी ने चंबल की राजनीति में जोरदार एंट्री दर्ज की थी। वहीं टीकमगढ़ की ओरछा नगर परिषद के वार्ड नंबर 3 में भी आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी गीता कुशवाहा ने जीत हासिल की थी वहीं नीमच में पार्टी के 3 पार्षद चुनाव जीते थे।

कौन होगा मुख्यमंत्री का चेहरा?-आम आदमी पार्टी पूरी ताकत के साथ मध्यप्रदेश के चुनावी मैदान में उतरने जा रही है लेकिन उसके सामने मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। मध्यप्रदेश जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों के पास चुनाव में एक मुख्यमंत्री का चेहरा है वहीं आम आदमी पार्टी को अब तक अपने मुख्यमंत्री की चेहरे की तलाश है। सूत्र बताते है कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी  भाजपा या कांग्रेस से किसी भी बड़े चेहरे को पार्टी में शामिल करवाकर अपना मुख्यमंत्री चेहरा बना सकती है। वहीं आज अरविंद केजरीवाल की सभा में भी भाजपा और कांग्रेस के कुछ अंसतुष्ट नेता आम आदमी पार्टी  की सदस्यता ले सकते है। पार्टी के सीनियर नेता संदीप पाठक कहते है कि पंजाब और गुजरात की तरह  मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।  

 
ये भी पढ़ें
राष्ट्रपति जेलेंस्की और RRR का क्या कनेक्शन है, नाटू नाटू के लिए क्यों ख़ास है यूक्रेन