उज्जैन के महाकाल मंदिर में कपल ने रचाई सगाई, वीडियो वायरल होते ही हंगामा, कैसे प्रतिबंधित एरिया में पहुंचा कैमरा
उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में एक कपल के सगाई करने का वीडियो सामने आया है। जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। दरअसल, इस वीडियो में एक कपल सगाई करते और रिंग पहनाते नजर आ रहा है। यह वीडियो महाकाल परिसर का है, जहां कपल सगाई कर रहा है।
जहां यह युवक और युवती रिंग सेरेमनी कर रहे हैं वो एक मंदिर का प्रतिबंधित क्षेत्र है। घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में गुस्सा पैदा कर दिया है।
कहां से आया कपल : जानकारी के अनुसार, युवक और युवती दिल्ली के बताए जा रहे हैं, जो मंदिर में दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। दर्शन के दौरान दोनों ने मंदिर परिसर के एक विशेष क्षेत्र में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर अपनी सगाई की रस्म पूरी की और इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जो सोशल मीडिया अब तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें, मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और वीडियोग्राफी को लेकर सख्त नियम लागू है, जिसके बावजूद भी यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया।
जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है तो कुछ ही समय में वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसे पर अब लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं वीडियो प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी
कपल के खिलाफ कार्रवाई : मंदिर प्रशासन ने इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए इस मामले पर तत्काल कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाया गया है। साथ ही, वीडियो में दिखाई देने वाले युवक और युवती के मंदिर में प्रवेश पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच कैसे मिली और वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया। फिलहाल, मंदिर समिति की आईटी टीम और प्रशासनिक अधिकारी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके। बताया जा रहा है कि दोनों श्रद्धालुओं को विशेष व्यवस्था के तहत प्रवेश मिला था। वहीं, वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने साफ किया है कि धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में निगरानी और अधिक सख्त की जाएगी ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो सकें।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें