MP : CM यादव ने कहा- राजस्थान और मध्यप्रदेश हैं भाई-भाई, 5,055 करोड़ के निवेश से 3,530 रोजगार
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राजस्थान व मध्य प्रदेश को भाई-भाई बताते हुए शनिवार को कहा कि ये दोनों राज्य अपनी क्षमता व योग्यता से आगे बढ़ने की सामर्थ्य रखते हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजस्थान की उद्यमशीलता और मध्यप्रदेश की संसाधन क्षमता मिलकर सेंट्रल इंडिया को औद्योगिक शक्ति केंद्र बना सकती है। उन्होंने शनिवार को उद्यमियों से जयपुर में वन-टू-वन चर्चा की और इस दौरान 5,055 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनके माध्यम से मध्यप्रदेश में 3,530 रोजगार प्राप्त हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में इन दोनों राज्यों के संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं।
जयपुर में निवेश से जुड़े एक कार्यक्रम में भाग लेने आए यादव ने मीडिया से कहा, राजस्थान का भाई मध्य प्रदेश है। हजारों साल से मध्य प्रदेश व राजस्थान भाई-भाई की तरह से सभी प्रकार की क्षमता व योग्यता से आगे बढ़ने की सामर्थय रखते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में ये संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं।
राजस्थान को अच्छी संभावना वाला राज्य बताते हुए उन्होंने कहा, हमारे राज्य में भी और यहां भी… दोनों राज्यों में आगे बढ़ने के पूरे अवसर देने के लिए दोनों राज्य सरकारें लगातार काम कर रही हैं।
इससे पहले कार्यक्रम में उन्होंने राजस्थान व मध्य प्रदेश को जुड़वां भाई जैसा बताया। उन्होंने कहा, राजस्थान और मध्य प्रदेश तो जुड़वां भाई की तरह हैं। ये परमात्मा की कृपा है। राजस्थान व मध्य प्रदेश में कोई अंतर नहीं। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच रोटी-बेटी के साथ रोटी-पानी जैसे गहरे रिश्ते हैं।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भेंट की। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद थे। इन नेताओं ने जनकल्याण एवं विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। Edited by : Sudhir Sharma