शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Grand event in Khajuraho on World Yoga Day
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : मंगलवार, 21 जून 2022 (18:12 IST)

विश्व योग दिवस पर खजुराहो में भव्य आयोजन, बोले भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

विश्व योग दिवस पर खजुराहो में भव्य आयोजन, बोले भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा - Grand event in Khajuraho on World Yoga Day
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पर मध्यप्रदेश के खजुराहो में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह में स्थित कंदारिया महादेव मंदिर के सामने आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित लगभग 2 हजार स्कूली छात्र-छात्राओं,युवाओं और नागरिकों ने योग अभ्यास किया। 
 
योग दिवस के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि खजुराहो को देश के उन 75 शहरों में शामिल किया गया जहां विश्व योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने आगे कहा कि इस निर्णय से जहां स्थानीय लोगों, युवाओं, छात्र-छात्राओं में योग के प्रति रुचि जागृत होगी,वहीं वर्ल्ड हैरिटेज साइट खजुराहो में पर्यटन को और ज्यादा बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि खजुराहो में अंतरराष्ट्रीय योग केंद्र शुरू करने के लिए आयुष मंत्रालय से बातचीत चल रही है जल्द ही यह कल्पना मूर्त रूप ले लेगी। जिसके बाद खजुराहो आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को योग से जुड़ने का भी अवसर मिलेगा। 

भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आगे कहा कि योग निरोग रहने का साधन तो है ही, यह भारतीय संस्कृति का प्रतीक भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग के माध्यम से भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री मोदी वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के अनुरूप सारी दुनिया को एक परिवार मानते हैं। उन्होंने सर्वे भवन्तु सुखिन:,सर्वे संतु निरामय: यानी सारी दुनिया को निरोगी बनाने के लिए योग को विश्व स्तर पर मान्यता दिलाई है।