• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. Congress started election campaign from Sagar
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : मंगलवार, 22 अगस्त 2023 (18:30 IST)

कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश की जनता 50 परसेंट कमीशन की सरकार को हटाएगी : मल्लिकार्जुन खड़गे

संत रविदास के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना करेगी कांग्रेस सरकार : मल्लिकार्जुन खरगे

कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश की जनता 50 परसेंट कमीशन की सरकार को हटाएगी : मल्लिकार्जुन खड़गे - Congress started election campaign from Sagar
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस 50 परसेंट कमीशन को अब चुनावी मुद्दा बना लिया है। सागर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जनसभा में प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन लेने वाली भाजपा की सरकार को हटाया था और मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन लेने वाली शिवराज सरकार को हटाएगी।

जनसभा में खरगे ने पिछले दिनों सागर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संत रविदास मंदिर के भूमिपूजन पर तंज कसते हुए कहा कि मोदीजी को संत रविदासजी सिर्फ़ चुनाव में याद आते हैं। चंद रोज पहले सागर में ही प्रधानमंत्री मोदीजी ने 100 करोड़ के संत रविदासजी मंदिर और स्मारक का शिलान्यास किया, ये खुशी की बात है। उन्होने कहा कि अनुसूचित जाति जनजाति और ओबीसी को अब उचित सम्मान मिल रहा है। पिछली सरकारों में उनकी उपेक्षा होती थी। कोई हजार करोड़ का मंदिर बनवाए तो हमें ऐतराज नहीं। 9 साल से मोदी सरकार हैं, शिवराज 18 साल से सरकार में है, रविदासजी अब क्यों याद आए। चुनाव आने वाला है। इनको रविदासजी की इतनी चिंता है तो दिल्ली में संत रविदासजी की यादों से जुड़े ऐतिहासिक मंदिर को क्यों गिरवा दिया।

खरगे ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले 18 सालों में दलितों औऱ कमजोर वर्गों के साथ जो अन्याय हुआ, उसका प्रायश्चित क्या इन बातों से हो जाएगा, सारा पाप धुल जाएगा। संत रविदासजी के मंदिर भारत ही नहीं दुनिया के कई देशों में है। हम लोग संत रविदासजी के विचारों को सम्मान देते हैं, उसे मानते हैं। जनसभा में खरगे ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर बुंदेलखंड क्षेत्र में संत रविदास की याद में विश्वविद्यालय बनेगा, जो देश भर में उनके विचारों की रोशनी बिखेरेगा।

खरगे ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने जनादेश का अपमान किया है। कर्नाटक और मध्य प्रदेश दोनों जगह बीजेपी सरकार बनने के बाद कैसा भ्रष्टाचार हुआ, ये सब अच्छी तरह जानते हैं। लेकिन कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन भ्रष्ट सरकार बाहर कर दिया। मध्यप्रदेश में 50% कमीशन चल रहा है। अब मध्य प्रदेश की जनता की अदालत का फैसला आना है। हमें भरोसा है कि यहां जीत के सारे रिकॉर्ड टूटने वाले हैं।

सागर में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा आज सत्तारूढ़ भाजपा की पहचान प्रचार भ्रष्टाचार और अत्याचार से है। कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 18 वर्षों बाद बेरोजगारों की लाडली बहनों की कर्मचारियों की और किसानों की याद आई है। चुनाव के 5 महीने पहले उन्हें याद आया कि मुझे जनता के लिए कुछ करना है, परंतु जनता अब समझदार है इनकी कलाकारी को भलीभांति समझ रही है जनता भूली नहीं है कि यूपीए सरकार के दौरान किस प्रकार से बुंदेलखंड का पैकेज क्षेत्र के विकास के लिए दिया गया था जो भाजपा के शासन में घोटाला पैकेज बना दिया गया।

कमलनाथ ने कहा कि 15 वर्षों बाद हमारी सरकार बनी थी हमने अपनी नीति और नीति नीयत का परिचय दिया था। अकेले सागर जिले में हमने 80000 किसानों का कर्ज माफ करके दिखाया था हमारे कार्यकाल और जनता के लिए किए गए हमारे विकास कार्यों की गवाह स्वयं जनता है।इन्हें 18 वर्षों बाद अपना रिपोर्ट देने की याद आई मैं तो कहता हूं रिपोर्ट कार्ड नहीं अपना रेट कार्ड जारी कर दो क्योंकि आज प्रदेश में यही तो हो रहा है पैसा दो और काम लो।
ये भी पढ़ें
शिवराज कैबिनेट का विस्तार तय, चुनाव से 2 महीने पहले बनेंगे 2 नए मंत्री, 2 अन्य चेहरों पर भी मंथन