• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. BJP hi-tech election campaign in Madhya Pradesh assembly elections
Written By Author विकास सिंह
Last Modified: शुक्रवार, 20 अक्टूबर 2023 (10:57 IST)

मध्यप्रदेश में हाईटेक प्रचार रथों के जरिए भाजपा करेगी 50 हजार रथ सभा, पीएम मोदी का पत्र घर-घर पहुंचाने पर जोर

मध्यप्रदेश में हाईटेक प्रचार रथों के जरिए भाजपा करेगी 50 हजार रथ सभा, पीएम मोदी का पत्र घर-घर पहुंचाने पर जोर - BJP hi-tech election campaign in Madhya Pradesh assembly elections
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा इस बार हाईटेक तरीके से चुनाव प्रचार कर रही है। पीएम मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही भाजपा ने ‘एमपी के मन में मोदी’ की थीम से सजे हाईटेक प्रचार रथों को प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया है।

एक दिन मेंं 10 सभाएं, 50 हजार रथ सभा का लक्ष्य -हाईटेक प्रचार रथ हर विधानसभा के हर गाँव और प्रत्येक बूथ तक भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में डिजिटल सभाओं के साथ पार्टी के पक्ष में  माहौल बनायेंगे। इन रथों के माध्यम से हर दिन प्रत्येक विधानसभा में लगभग दस रथ सभाएं अलग-अलग स्थानों पर होगी, इस लिहाज से प्रतिदिन लगभग 2300 रथ सभाओं के माध्यम से पार्टी जनता के बीच अपनी उपलब्धियां जनता को बतायेंगी ।

इन हाईटेक रथों के जरिए  पार्टी ने पूरे चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा 50 हजार रथ सभा के माध्यम से एक करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचने का प्लान तैयार किया है। इन रथों में एलईडी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताने के साथ कांग्रेस की नाकामियों पर आधारित वीडियो फ़िल्में भी दिखाई जायेगी।

प्रदेश भाजपा कार्यालय से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इन प्रचार रथों को रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हाईटेक रथ मोदी जी के मंत्र को और कमल के निशान को प्रदेश के जन- जन तक पहुँचाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के मन में मोदी हैं, देश के मन में मोदी हैं, एमपी के मन में मोदी हैं और जन जन के मन में मोदी हैं। हम काम के आधार पर अपने कामों को लेकर प्रचार रथों के माध्यम से जनता के बीच जा रहे हैं।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार जन-जन के सर्वांगीण विकास और मध्यप्रदेश को स्वर्णिम पथ पर आगे ले जाने के लिए कृत संकल्पित है। भाजपा सरकार में गरीब कल्याण के साथ हमारा मध्यप्रदेश स्वर्णिम प्रदेश बना है। “एमपी के मन में मोदी“ थीम पर इन प्रचार रथों से डबल इंजन सरकार की नीतियों की जानकारी जन-जन तक अधिक से अधिक सुलभ होगी, ताकि जनता भाजपा सरकार की कल्याणकारी नीतियों को और अधिक समर्थन और आशीर्वाद दे सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा मध्यप्रदेश ने चुनावी अभियान की दृष्टि से 230 विधानसभा के हर गाँव- गाँव के प्रत्येक बूथ तक केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की जानकारी पहुचानें में इन हाईटेक रथों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

घर-घर पहुंचेगा पीएम मोदी का पत्र- पीएम मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही भाजपा चुनाव  के दौरान घर-घर पीएम मोदी के पत्र को पहुंचाएंगी। अपने पत्र मे पीएम मोदी ने प्रदेश की जनता से प्रदेश में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा है। पीएम ने अपने पत्र में लिखा है कि मध्य प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। विश्वास है कि आप प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनवाएंगे। चिट्ठी में उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य के अतीत से निकलकर सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बना है। पिछले 20 वर्षों से आपने जो भरोसा दिखाया उसकी की वजह से प्रदेश देश की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि शिवराज और भाजपा सरकार की अथक मेहनत आज मध्यप्रदेश में 5 लाख किमी से अधिक सड़क का निर्माण, 65 लाख से अधिक नल में जल और 26 लाख मेगावाट ऊर्जा उत्पादन देख गर्व की अनुभूति हो रही है।

 
 
ये भी पढ़ें
MP Assembly Elections: सपा ने जारी की 2 उम्मीदवारों की तीसरी सूची, अब तक हुई 33 उम्मीदवारों की घोषणा