शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Loksabha election 6th phase voting
Written By
Last Updated : रविवार, 12 मई 2019 (21:13 IST)

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 7 राज्यों की 59 सीटों पर 63 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 7 राज्यों की 59 सीटों पर 63 प्रतिशत मतदान - Loksabha election 6th phase voting
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने कहा कि लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 63.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। जिसमें रविवार को 7 राज्यों की 59 सीटों के लिए वोट डाले गए।
 
छठे चरण के तहत मतदान बिहार में 8 सीटों, हरियाणा की सभी 10 सीटों, दिल्ली की सभी 7 सीटों, झारखंड की 4 सीटों, मध्यप्रदेश की 8 सीटों, उत्तरप्रदेश की 14 सीटों और पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर मतदान हुआ। 
 
चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि अंतिम मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है क्योंकि कुछ स्थानों पर लोग पंक्तियों में खड़े हैं और यह आंकड़ा शाम 6 बजे तक का है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न राज्यों के लिए अलग-अलग मतदान प्रतिशत अभी फिलहाल उपलब्ध नहीं है, क्योंकि विभिन्न राज्यों से सूचना एकत्रित की जा रही है। मतदान के प्रमुख ‍‍बिंदु-
 
- लोकसभा चुनाव के छठे चरण शाम 6 बजे तक 59.70 प्रतिशत मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 80.13 फीसदी वोटिंग हुई है और दिल्ली में 55.44 फीसदी मतदान हुआ। हरियाणा में 62.14 फीसदी, उत्तरप्रदेश में 50.82 फीसदी, बिहार में 55.04 फीसदी, झारखंड में 64.46 फीसदी और मध्यप्रदेश में 60.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

- मध्यप्रदेश के भिंड संसदीय क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच वाद-विवाद के बाद कुछ देर के लिए मतदान रुक गया। प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने के बाद वहां विवाद सुलझा और मतदान शुरू करवाया गया।

- खबरों के अनुसार 5 बजे तक कुल 58 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज्यादा बंगाल में 77 प्रतिशत वोट पड़े। झारखंड में 60 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 59 प्रतिशत और हरियाणा में 60 प्रतिशत वोटिंग हुई।

- बिहार के पश्चिम चंपारण सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय जायसवाल पर नरकटिया स्थित बूथ पर भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। निजी सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायरिंग भाजपा प्रत्याशी को बचाया। कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट हुई।

-  लोकसभा चुनाव 2019 के छठे चरण के तहत 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान हो रहा है। शाम 4 बजे तक 59 सीटों पर 50.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। शाम 4 बजे तक पश्चिम बंगाल में 70.51 प्रतिशत मतदान हुआ है। दिल्ली में शाम 4 बजे तक 45.24 प्रतिशत, हरियाणा में 51.86, उत्तरप्रदेश में 43.26, बिहार में 44.40, झारखंड में 58.08, मध्यप्रदेश में 52.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

- आम आदमी पार्टी के दक्षिण दिल्ली से प्रत्याशी राघव चड्ढा ने भाजपा पर लगाया फर्जी वोटिंग का आरोप।

- हरियाणा मे सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ पोलिंग बूथ में नजर आया गैंगस्टर रमेश लोहार, पुलिस ने किया गिरफ्तार। मनीष ग्रोवर पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप। चुनाव आयोग ने मतदान होने तक मनीष ग्रोवर पर लगाया बैन।

-  सात राज्यों में 3 बजे तक 46.52 प्रतिशत वोटिंग हुई।3 बजे तक पश्चिम बंगाल में 63.09 प्रतिशत, दिल्ली-36.73 प्रतिशत, हरियाणा- 47.57 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश 40.96 प्रतिशत बिहार- 43.86, झारखंड- 54.09, मध्य प्रदेश में 48.53 प्रतिशत वोटिंग हुई।

* बिहार में छठे चरण में आठ संसदीय क्षेत्र वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, सिवान, शिवहर, गोपालगंज (सुरक्षित) और महाराजगंज में  दोपहर तीन बजे तक 44.73 प्रतिशत वोट पड़े।
- दोपहर 1 बजे तक हरियाणा 38.58% , मध्यप्रदेश 42.12%, यूपी 34.3%, पश्चिम बंगाल 55.6%, झारखंड 47.18%, बिहार 35.22% और दिल्ली में 32.83% मतदान। 
 
- दोपहर 1 बजे तक मध्यप्रदेश के मुरैना में 38.43%, भिंड में 35.38%, ग्वालियर में 38.7%, गुना में 49.03%, सागर में 45.27%, विदिशा में 46.93%, भोपाल में 40.69% और राजगढ़ में 45.3% मतदान। 
- लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दोपहर 12 बजे तक 25.07 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
- प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समय तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 38.08 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डालें। झारखंड में 31.27 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 28.01 प्रतिशत, हरियाणा में 23.25 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 21.75 प्रतिशत, बिहार में 20.70 प्रतिशत और दिल्ली में 19.51 प्रतिशत मत डाले गए।
- दिल्ली, बिहार तथा उत्तर प्रदेश में सुबह के समय मतदान की गति धीमी रही, लेकिन अब धीरे-धीरे वहां मतदाता अपने घरों से निकलकर वोट डालने के लिए आ रहे हैं।
- बिहार के शिवहर संसदीय क्षेत्र में आज चल रहे मतदान के दौरान शिवहर विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 275 पर गोली चलने से मतदानकर्मी की मौत हो गई।
- पुलिस सूत्रों ने बताया कि बूथ संख्या 275 पर तैनात होमगार्ड का जवान सरयुग दास अपनी राइफल का बट ठीक कर रहा था तभी अचानक गोली चल गई। इस दुर्घटना में मतदानकर्मी शिवेन्द्र किशोर (34) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
- दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए सुबह 11 बजे तक 16.47 प्रतिशत मतदान हुआ।
- सात राज्यों की 59 सीटों के लिए सुबह दस बजे तक 10.79 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
- बिहार में छठे चरण में आठ लोकसभा क्षेत्र वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, सिवान, शिवहर, गोपालगंज (सुरक्षित) और महाराजगंज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे मतदान में आज पहले तीने घंटे में 15.85 प्रतिशत वोट पड़े।
- विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने औरंगजेब लेन के एक पोलिंग बूथ पर किया मतदान। 
- लोधी इस्टेट में प्रियंका गांधी भी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ वोट डालने पहुंचीं। 
- मतदान के बाद प्रियंका ने बूथ के बाहर बुजुर्ग महिला को गले लगाया, महिला ने सिर पर हाथ रखकर दिया आर्शीवाद।
- सोनिया गांधी ने भी दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
- पश्चिमी मिदनापुर में TMC कार्यकर्ताओं से झड़प के बाद फूट-फूट कर रोयीं भाजपा प्रत्याशी भारती घोष
- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने औरंगजेब रोड स्थि‍त एक मतदान केंद्र पर किया मतदान। 
- वोट डालने के बाद राहुल बोले, जनता के मुद्दे पर लड़ रहे हैं चुनाव। बेरोजगारी, किसान और भ्रष्‍टाचार मुद्दे। मोदी ने नफरत का इस्तेमाल किया। हमने प्यार किया।  
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी वोट डालने पहुंचे। 
- चांदनी चौक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जेपी अग्रवाल के बेटे मुदित अग्रवाल ने मटिया महल और बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्रों के कुछ मतदान केंद्रों में ईवीएम में खराबी का आरोप लगाया।
- तिलक नगर से ‘आप’ के विधायक जरनैल सिंह ने भी ट्वीट करके एक मतदान केंद्र में ईवीएम में खराबी का आरोप लगाया। उन्होंने ट्वीट किया, 'पश्चिम दिल्ली की विधानसभा संख्या 29 (तिलक नगर) में मतदान केंद्र 27 में एक ईवीएम सुबह से काम नहीं कर रही है।'
- बिहार के महाराजागंज में भी हिंसा। 2 भाजपा नेताओं पर हमला। 
- 101 साल की हीराबाई ने भोपाल के करोंद स्थित नवीबाग में किया मतदान।
- सुबह 9 बजे तक मध्यप्रदेश में 6.4 प्रतिशत मतदान। बिहार में 9 प्रतिशत, यूपी में 7.6 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल में 14.4 प्रतिशत, झारखंड में 14.4 प्रतिशत, हरियाणा में 5.6 प्रतिशत और दिल्ली में 4.7 प्रतिशत लोगों ने किया मतदान।  
- भोपाल में 89 साल के दिव्यांग सरवन लाल ने किया मतदान।
- कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह की पत्नी का बयान - भोपाल की जनता अपनी पहचान के लिए मतदान करेगी।
- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्‍ट्रपति भवन में बने मतदान केंद्र पर डाला वोट। 
- दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ईस्ट दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। 
- उत्तरप्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने प्रयागराज में किया मतदान। 
- दिल्ली की पूर्व मुख्‍यमंत्री और उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी शीला दीक्षित ने निजामुद्दीन ईस्ट के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। 
 
- सुलतानपुर में मेनका गांधी की सोनू सिंह से बहस। 
- भाजपा नेता राम माधव ने नई दिल्ली में वोट डाला। 
- पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर भी पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे।
- भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली वोट डालने पहुंचे। 
- भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने रिवेरा टाउन स्थित मतदान केंद्र पर डाले वोट। 
- मध्यप्रदेश की भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, गुना, सागर, विदिशा और राजगढ़ सीटों पर हो रहा है मतदान। 
- 6ठे दौर के इस चुनाव में उत्तरप्रदेश की 14, हरियाणा की 10, बिहार और मध्यप्रदेश की 8, दिल्ली की 7 और झारखंड की 4 सीटों पर मतदान जारी। 
- इस चरण में 10.17 करोड़ मतदाता 979 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
- 2014 के चुनाव में भाजपा ने इन 59 सीटों में से 45 पर जीत दर्ज की थी। तृणमूल कांग्रेस 8, कांग्रेस 2, सपा और लोजपा को 1-1 सीट पर जीत मिली थी।